देश की खबरें | सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान मरनेवाले दो लोगों के लिए भाजपा ने मुआवजे की मांग की
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बदरपुर में सेप्टिक टैंक की सफाई करने के दौरान मरनेवाले दो लोगों के परिवारों के लिए एक-एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है।

उन्होंने मंगलवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पिछले साल नवंबर में सेप्टिक टैंकों की सफाई मुफ्त में सुनिश्चित करने की घोषणा की थी और कहा था कि वह इस पर 150 करोड़ रुपये की राशि खर्च करेंगे लेकिन यह योजना अब तक लागू नहीं हुई।

यह भी पढ़े | Temple Re-Opening in Maharashtra: मंदिर खोलने को लेकर शरद पवार ने लिखी पीएम मोदी को लिखा पत्र, राज्यपाल की पर उठाए सवाल.

गुप्ता ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस योजना की घोषणा ‘खोखली’ साबित हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार को बदरपुर में पिछले सप्ताह शनिवार को सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान मरनेवाले दोनों लोगों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की राशि मुआवजे के रूप में देनी चाहिए।’’

यह भी पढ़े | Uttar Pradesh: लॉकडाउन के 6 महीने के बाद उत्तर प्रदेश में मल्टीप्लेक्स और सिनेमाहॉल केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार 15 अक्टूबर से खुलेंगे.

इस पर आम आदमी पार्टी की तत्काल प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो पाई है।

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल ने घोषणा की थी कि दिल्ली सरकार सेप्टिक टैंकों की सफाई मुफ्त में सुनिश्चित करेगी और इस पर 150 करोड़ रुपये खर्च करेगी। बिधूड़ी बदरपुर का प्रतिनिधित्व करते हैं।

बिधूड़ी ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए कि इस योजना के तहत कितने सेप्टिक टैंकों की सफाई हुई। अगर दिल्ली सरकार एक सप्ताह के भीतर मृतकों के परिवारों को मुआवजा नहीं देती है तो भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के आवास के सामने विरोध प्रदर्शन करेंगे।’’

शनिवार को बदरपुर में सेप्टिक टैंक की सफाई करने के दौरान देवेंद्र और सतीश चावला की मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)