देश की खबरें | कर्नाटक के राज्यपाल से मिला भाजपा प्रतिनिधिमंडल, ‘शौचालय वीडियो प्रकरण’ की एसआईटी जांच की मांग की

बेंगलुरु, चार अगस्त तटीय जिलों के भाजपा विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को यहां कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत से भेंट की और उनसे राज्य सरकार को उडुपी में एक पैरामेडिकल कॉलेज के ‘शौचालय में वीडियो शूट’ करने के मामले की एसआईटी जांच का आदेश देने का अनुरोध किया।

इस प्रतिनिधिमंडल के अगुवा वरिष्ठ भाजपा नेता कोटा श्रीनिवास पुजारी ने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से सरकार पुलिस उपाधीक्षक से जांच करवा रही है। यदि सरकार की ओर दबाव होगा तो पुलिस उपाधीक्षक स्तर पर उपयुक्त जांच संभव नहीं है। इसलिए हमने एसआईटी जांच की मांग की है।’’

राज्यपाल से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि गृहमंत्री (जी परमेश्वर) ने इसपर ऐसे बात की जैसे कि मानो यह कोई मजाक का विषय हो, मुख्यमंत्री (सिद्धरमैया) ने इस मामले को “गंभीरता” से नहीं लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘ चूंकि सरकार इस मुद्दे पर हिचकिचा रही है इसलिए हमने आज राज्यपाल से मुलाकात की और उनसे एसआईटी जांच का आदेश देने का अनुरोध किया।’’

यह तटीय उडुपी जिले के जिला मुख्यालय में एक पैरामेडिकल कॉलेज के शौचालय में एक लड़की का अन्य छात्राओं द्वारा कथित रूप से वीडियो बनाने का मामला है।

इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया हुई थी और प्रदर्शन किया गया था। इन अटकलों के साथ ही इस मुद्दे ने सांप्रदायिक रंग ले लिया कि एक खास समुदाय की लड़कियों ने दूसरे समुदाय की लड़की को अपना शिकार बनाया और शौचालय में उसका वीडियो कथित रूप से बनाकर उसे साझा किया।

पुजारी ने कहा कि राज्यपाल का ध्यान ‘बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति, अराजक माहौल’’, वीडियो बनाने वाली छात्राओं को मिली जमानत, पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया से उनके संबंध की आशंका की ओर आकृष्ट किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘ हमने समग्र जांच के लिए एसआईटी जांच का निर्देश देने अनुरोध किया।’’

उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने आश्वासन दिया है कि वह उपयुक्त निर्देश देंगे।

भाजपा के विरोध प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा,‘‘ किसी ने शिकायत दर्ज नहीं करायी है , न तो कथित पीड़िता के माता-पिता ने और न ही कथित पीड़िता ने। पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और अब वे जमानत पर हैं। यह मामला पुलिस उपाधीक्षक को जांच के लिए सौंपा गया है और वह जांच कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ जिस किसी ने अपराध किया है, उसे कानून के मुताबिक दंडित किया जाएगा। हमने पहले ही कदम उठाये हैं, पुलिस उपाधीक्षक के स्तर पर जांच चल रही है। आरोपपत्र आने दीजिए, जांच पूरी होने दीजिए, हम कार्रवाई करेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)