नयी दिल्ली, सात जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कन्हैया कुमार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) का प्रभारी नियुक्त करने के लिए शुक्रवार को कांग्रेस की आलोचना की और आरोप लगाया कि युवा नेता देश की अखंडता के खिलाफ काम करने वाली विचारधाराओं से जुड़े रहे हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता आशीष सूद ने कांग्रेस पर इस नियुक्ति के जरिए युवा समुदाय को गुमराह करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि कुमार का उन लोगों के साथ संबंध रहा है, जिन्होंने भारत की अखंडता के खिलाफ और कश्मीरी अलगाववादियों के समर्थन में नारे लगाए। सूद ने आरोप लगाया कि उन्होंने कश्मीर में भारतीय सेना की कार्रवाई को लेकर उस पर भी आक्षेप लगाया था।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान सूद के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व पदाधिकारी के साथ पार्टी के कई अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की नियुक्ति चिंता का विषय है और यह कांग्रेस के दिवालियेपन को दर्शाता है। उसकी विचारधारा जो भी हो, एनएसयूआई भी युवाओं का प्रतिनिधित्व करना चाहती है और ऐसे नेता द्वारा इसका प्रतिनिधित्व करना अच्छा नहीं है।’’
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कुमार को इस पद पर नियुक्त किया। एनएसयूआई के अध्यक्ष नीरज कुंदन हैं।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY