कोलकाता, एक जून पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार अशोक कुमार लाहिड़ी का कहना है कि पश्चिम बंगाल को निवेश आकर्षित करने के लिए सड़क संपर्क और गहरे समुद्री बंदरगाह सहित अन्य बुनियादी ढांचे को विकसित करने की जरूरत है।
भाजपा विधायक लाहिड़ी ने लोकलुभावन योजनाओं को लेकर तृणमूल कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए कहा कि अगर कुछ भी मुफ्त में दिया जाता है, तो ‘‘यह वास्तव में मुफ्त नहीं है क्योंकि किसी भी योजना का खर्च करदाताओं द्वारा ही वहन किया जाता है।’’
पश्चिम बंगाल में निवेश की कमी के कारणों को लेकर उन्होंने कहा, ‘‘पहला कारण, श्रमिक संघों के कारण पनपा ‘आतंक’ हमारा दुर्भाग्यपूर्ण इतिहास है। हालांकि, इसमें (इस संस्कृति में) सुधार हुआ है।’’
‘भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स’ के एक सत्र में बुधवार को लाहिड़ी ने कहा, ‘‘दूसरा कारण बुनियादी ढांचा है - मैं हैदराबाद से बेंगलुरु तक की यात्रा छह-सात घंटे में करता हूं, जो कोलकाता से सिलीगुड़ी (576 किमी) की दूरी के बराबर है। मैं सड़क मार्ग से कोलकाता से बालुरघाट जाता हूं, जो 472 किलोमीटर है, लेकिन यह दूरी तय करने में मुझे 12 घंटे से अधिक का समय लगता है।’’
लाहिड़ी ने कहा कि यदि सड़क ढांचे में सुधार नहीं किया जाता है, तो राज्य उद्योगों को समय पर (कच्चा माल आदि) आपूर्ति का आश्वासन नहीं दे सकता है।
भाजपा विधायक ने कहा, ‘‘एक अन्य कमी गहरे समुद्री बंदरगाह की है। सभी तटीय राज्यों को देखें, गुजरात से लेकर ओडिशा तक, सभी के पास एक गहरा समुद्री बंदरगाह है। हमारे पास कोलकाता का बंदरगाह है, जिसे पर्याप्त नहीं कहा जा सकता।’’
उन्होंने कहा कि जब तक अवसंरचना में सुधार नहीं होता तब तक उद्योगों का विकास संभव नहीं है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY