जरुरी जानकारी | बंगाल सरकार ने विक्रेताओं से अधिकतम 27 रुपये किलो के भाव से आलू बेचने की अपील की

कोलकाता, तीन सितंबर पश्चिम बंगाल में आलू की कीमतों में वृद्धि के बीच राज्य सरकार के प्रवर्तन विभाग के अधिकारियों ने शहर के कई बाजारों का दौरा किया और खुदरा व्यापारियों को शुक्रवार से 27 रुपये किलो से ऊपर आलू बिक्री करते पाने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी।

मौजूदा समय में ज्योति किस्म का आलू 32-34 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।

यह भी पढ़े | बैंगलुरू: नौ महीनों से 50 करोड़ के घोटाला मामले में पूर्व बैंक कर्मचारी गिरफ्तार..

प्रवर्तन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शीत भंडार गृह और खुदरा बाजार में आलू की कीमतों के बीच मार्जिन पांच रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक नहीं होना चाहिए।

इस अधिकारी ने यहां एक व्यापारी से कहा, ‘‘आप कल से 27 रुपये प्रति किलो से अधिक ज्योति किस्म का आलू नहीं बेच सकते हैं और यदि आप इसका पालन नहीं करते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।’’

यह भी पढ़े | 7th Pay Commission: सभी श्रेणियों के केंद्रीय कर्मचारियों को मिलते ये महत्वपूर्ण भत्तें, जानें नियम.

उन्होंने आलू विक्रेताओं को खरीद के उचित खातों को बनाए रखने के लिए भी कहा क्योंकि आवश्यकता पड़ने पर इन दस्तावेजों की जांच की जा सकती है।

हालांकि, व्यापारियों ने कहा कि वे 27 रुपये प्रति किलो की सीमा के साथ आलू की बिक्री नहीं कर सकते क्योंकि उनकी खरीद लागत इससे अधिक है।

पिछले हफ्ते, सरकार ने व्यापारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा था कि आलू का खुदरा मूल्य 25 रुपये प्रति किलो तक नीचे लाया जाए।

राज्य सरकार ने आलू व्यापारियों के निकायों और कोल्ड स्टोरेज के साथ बैठक में फैसला किया था कि आलू का खुदरा मूल्य 25 रुपये प्रति किलो के स्तर पर लाने लिए अधिकतम सात दिनों की अनुमति दी जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)