लखनऊ, 14 मई काउंसिल ऑफ द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) आईसीएसई (10वीं) की परीक्षा में आगरा की अविशी सिंह और आईएससी (12वीं) के इम्तेहान में लखनऊ के मोहम्मद आर्यन तारिक ने उत्तर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
सीआईएससीई द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक रविवार को घोषित परीक्षा परिणामों में लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित सिटी मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज के छात्र मोहम्मद आर्यन तारिक ने 400 में से 399 अंक हासिल कर उत्तर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
राज्य के पांच अन्य विद्यार्थियों ने भी 12 वीं की परीक्षा में 400 में से 398 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया है। इनमें से चार छात्र प्रदेश की राजधानी के हैं।
आईसीएसई (कक्षा 10) की परीक्षा में आगरा की अविशी सिंह ने 500 में से 499 अंक हासिल कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। कुल चार छात्रों ने 500 अंकों में से 498 अंक हासिल कर दूसरा स्थान हासिल किया। इनमें से दो छात्र राज्य की राजधानी के रहने वाले हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आईसीएसई और आईएससी परीक्षा में सफलता पर छात्रों को बधाई दी।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, "आईसीएसई व आईएससी की बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों व गुरुजनों को हार्दिक बधाई! आप सभी 'नए उत्तर प्रदेश' के स्वर्णिम भविष्य हैं। कठोर परिश्रम व अटूट लगन से जीवन की हर परीक्षा में ऐसे ही उत्तीर्ण होते रहें, यही कामना है। मां सरस्वती की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY