देश की खबरें | 'ऑपरेशन सिंदूर' पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने भारतीय सशस्त्र बलों की प्रशंसा की

गुवाहाटी, सात मई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान तथा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के ठिकानों पर की गर्ई भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई की बुधवार को प्रशंसा की।

सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के पोस्टर के साथ 'जय हिंद' लिखकर इस कार्रवाई की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने लड़ाकू विमानों और वायुसेना के जवानों का एक छोटा वीडियो भी पोस्ट किया और लिखा, "भारत की आन बान और शान - भारत की सेना।"

उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों की इस कार्रवाई पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पोस्ट को भी रीपोस्ट किया।

भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार एवं बुधवार की दरमियानी रात पाकिस्तान एवं पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना शामिल है।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत ये सैन्य हमले किए गए। पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 भारतीय नागरिकों की जान गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)