देश की खबरें | कर्नाटक में पुजारी के खिलाफ पॉक्सो कनून के तहत एक और मामला दर्ज

बेंगलुरु, 14 अक्टूबर कर्नाटक में चार लड़कियों के साथ कथित बलात्कार करने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लिंगायत मठ के पुजारी शिवमूर्ति मुरुगा शरणारू के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत एक नया मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।

पुजारी को बचाने के लिये दबाव की बात से इनकार करते हुए गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने कहा कि नए मामले की जांच शुरू हो गई है।

मामले को लेकर उन पर किसी प्रकार का दबाव होने की बात को खारिज करते हुये ज्ञानेंद्र ने कहा, ‘‘कोई दबाव नहीं है। कानून के सामने कोई बड़ा या छोटा नहीं होता है।’’

पुलिस ने बताया कि शरणारू के अलावा ताजा प्राथमिकी में छह अन्य लोगों को नामजद किया गया है।

इससे पहले दो अन्य लड़कियों का यौन शोषण करने के आरोप में पुजारी फिलहाल जेल में है।

गौरतलब है कि 38 वर्षीय एक महिला की शिकायत के बाद बृहस्पतिवार को मैसूरु के नज़राबाद थाने में ताजा मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि उसकी दो बेटियों सहित चार लड़कियों का शरणारू ने यौन उत्पीड़न किया था। इन सभी की उम्र अब 12 से 15 साल के बीच है।

इस प्राथमिकी में छह अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)