अहमदाबाद, 23 जून गुजरात विधानसभा की कडी और विसावदर सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने सोमवार को इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता गोपाल इटालिया ने विसावदर सीट पर जीत दर्ज की, जबकि कडी सीट सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के खाते में गई, जहां से उसके उम्मीदवार राजेंद्र चावड़ा विजयी घोषित किये गए।
गोहिल ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘चूंकि उपचुनाव के नतीजे हमारी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहे, इसलिए मैंने अपनी पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गुजरात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। मैंने अपना इस्तीफा पहले ही हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेज दिया है।’’
राज्यसभा सदस्य गोहिल को 2024 के आम चुनावों से पहले जून 2023 में कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
आप की गुजरात इकाई के अध्यक्ष इटालिया ने जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार किरीट पटेल को 17,554 मतों के अंतर से हराया।
निर्वाचन आयोग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, कुल 21 चरण की मतगणना के बाद इटालिया को 75,942 मत मिले, जबकि पटेल को 58,388 मतों से संतोष करना पड़ा।
अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित मेहसाणा जिले की कडी सीट पर भाजपा के राजेंद्र चावड़ा सभी 22 चरण की मतगणना के बाद कांग्रेस के रमेश चावड़ा से 39,452 मतों के अंतर से विजयी हुए।
राजेंद्र चावड़ा को 99,742 मत, जबकि कांग्रेस के पूर्व विधायक रमेश चावड़ा को 60,290 मत मिले।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY