नागपुर, आठ मई आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को महाराष्ट्र के नागपुर शहर में विरोध प्रदर्शन किया।
नयी दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए, ‘आप’ कार्यकर्ता विदर्भ के अपने संयोजक के नेतृत्व में शहर के ‘वैरायटी स्क्वायर’ पर एकत्र हुए और सिंह के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने को लेकर भाजपा के खिलाफ नारे लगाये।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एथलीटों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
‘आप’ की नागपुर इकाई की संयोजक कविता सिंघल ने मांग की कि उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से भाजपा सांसद सिंह को तुरंत गिरफ्तार किया जाये और उन्हें सभी पदों से भी हटाया जाये।
पहलवान सात महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने 28 अप्रैल को डब्ल्यूएफआई प्रमुख के खिलाफ आरोपों के संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की थी।
सिंह ने हालांकि इन आरोपों से इनकार किया है।
देवेंद्र माधव
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY