नयी दिल्ली, 22 जून कांग्रेस ने अगर दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं पर नियंत्रण से संबंधित केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) को समर्थन देने का वादा नहीं किया तो आप शुक्रवार को पटना में होने वाली बैठक से बहिर्गमन करेगी। पार्टी के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के नेता संदीप दीक्षित ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल बैठक में शामिल नहीं होना चाहते तो ठीक है, उनकी कमी महसूस नहीं होगी।
साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने के लिए एक संयुक्त रणनीति बनाने के सिलसिले में बिहार के मुख्यमंत्री व जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है। बैठक में आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे।
एक सूत्र ने कहा, “अगर कांग्रेस ने अध्यादेश के खिलाफ समर्थन का वादा नहीं किया तो ‘आप’ बैठक से बहिर्गमन करेगी।”
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने मंगलवार को उम्मीद जताई थी कि कांग्रेस पटना में विपक्षी दलों की बैठक में अध्यादेश पर अपना रुख स्पष्ट करेगी।
दीक्षित ने एक वीडियो बयान में कहा, ''केजरीवाल जी आपको कोई याद नहीं करेगा...चाहे आप वहां जाएं या न जाएं। हम पहले से ही जानते थे कि आप विपक्ष की बैठक में शामिल नहीं होने के लिए बहाने ढूंढ रहे हैं। मैं आपको बता दूं कि यह उन लोगों की एक बैठक है जिन्हें देश की परवाह है, यह सौदेबाजों की सभा नहीं है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY