हैदराबाद, 15 जुलाई बच्चों को लेकर किसी घरेलू विवाद में शनिवार को यहां एक व्यक्ति ने एक आदमी पर कथित रूप से एयरगन चला दी। हमलावर टेलीविजन अभिनेता बताया जा रहा है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शामिरपेट थानाक्षेत्र में यह घटना घटी तथा जिसपर एयरगन चलायी गयी उसकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभिनेता को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘ जिस व्यक्ति ने एयरगन चलायी वह एक अभिनेता जान पड़ता है और उससे पूछताछ की जा रही है। हमने वह एयरगन जब्त कर ली है।’’
पुलिस के अनुसार जिसपर एयरगन चलायी गयी है वह विशाखापत्तनम की एक कंपनी का कर्मचारी है तथा 2019 में वह पत्नी से अलग हो गया था। पुलिस के मुताबिक वह महिला अपने दो बच्चों (एक लड़का और एक लड़की) के साथ अभिनेता के पास रहने लगी तथा उसका पति अपनी बेटी को लाने विला (अभिनेता के आवास) पर गया था।
पुलिस ने बताया कि अभिनेता और उस व्यक्ति के बीच बहस होने लगी तथा इसी बीच अभिनेता ने उसपर एयरगन चला दी। पुलिस के अनुसार इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
पुलिस का कहना है कि महिला का आरोप है कि उसका पति उन सभी को धमकी देने का प्रयास कर रहा था जिसपर कहासुनी होने लगी।
एक अधिकारी ने कहा कि बताया जाता है कि अभिनेता इस महिला के साथ एक सॉफ्टवेयर कंपनी चलाती है लेकिन इस सूचना की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच चल रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY