नयी दिल्ली, छह अक्टूबर सरकार को मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) के पद के लिए 76 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें तीन मौजूदा सूचना आयुक्तों के आवेदन भी शामिल हैं। सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत दाखिल आवेदन के जवाब में यह जानकारी सामने आई है।
मौजूदा सीआईसी वाई. के. सिन्हा का कार्यकाल मंगलवार को समाप्त होने पर यह पद रिक्त हो गया है।
आरटीआई मामलों में सर्वोच्च अपीलीय प्राधिकरण, केंद्रीय सूचना आयोग में 10 सूचना आयुक्त और एक मुख्य सूचना आयुक्त होते हैं, लेकिन इसमें अभी केवल चार सूचना आयुक्त हैं।
सूचना का अधिकार अधिनियम का इस्तेमाल करते हुए, कार्यकर्ता कमोडोर लोकेश बत्रा (सेवानिवृत्त) ने सात अगस्त के विज्ञापन के जवाब में सरकार से मुख्य सूचना आयुक्त के पद के लिए आवेदन करने वाले लोगों की सूची मांगी थी।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के केंद्रीय लोक सूचना अधिकारी ने शुक्रवार को अपने जवाब में कहा कि 76 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि चार आवेदन ऐसे भी प्राप्त हुए हैं जिन्हें देरी से दाखिल किया गया था।
सूची के अनुसार तीन मौजूदा सूचना आयुक्तों हीरालाल सामरिया, सरोज पुन्हानी तथा उदय माहुरकर और पूर्व सूचना आयुक्त अमिता पांडोव ने भी इस पद के लिए आवेदन किया है।
बत्रा ने कहा कि अदालतों के विपरीत, जहां कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश हमेशा नियुक्त किए जाते हैं लेकिन, आरटीआई अधिनियम, 2005 में ‘कार्यवाहक मुख्य सूचना आयुक्त’ को नामित करने का कोई प्रावधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार, मुख्य सूचना आयुक्त के रिक्त पद का मतलब है कि कई प्रशासनिक और वित्तीय निर्णय अगले मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति होने तक अधर में लटके रहेंगे।
सूचना आयुक्तों के रिक्त पद के लिए सरकार ने पिछले साल दिसंबर में विज्ञापन जारी किया था।
अधिकारियों ने बताया कि सभी मौजूदा सूचना आयुक्तों सुरेश चंद्र, उदय माहूरकर, हीरालाल सामरिया और सरोज पुन्हानी का कार्यकाल नवंबर में समाप्त हो जायेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY