देश की खबरें | पंजाब स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 5 घुसपैठिए ढेर, हथियार और मादक पदार्थ बरामद
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़/नयी दिल्ली, 22 अगस्त सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पंजाब में शनिवार सुबह भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पांच पाकिस्तानी घुसपैठियों को ढेर कर दिया।

बीएसएफ ने यह जानकारी दी।

यह भी पढ़े | कोरोना के हिमाचल प्रदेश में अब तक कुल मामले 4789, 26 की मौत: 22 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान से लगती 3,300 किलोमीटर लंबी सीमा पर एक दशक से भी ज्यादा समय में एक ही घटना में घुसपैठियों के मारे जाने की यह सर्वाधिक संख्या है।

बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि जवानों ने हेरोइन के नौ पैकेट बरामद किए जिसका वजन नौ किलोग्राम था।

यह भी पढ़े | Haryana IG Hemant Kalson Arrested: हरियाणा के IG हेमंत कलसन गिरफ्तार, 2 महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप.

इसके अलावा घुसपैठियों के पास से एक एके-47 राइफल, दो मैग्जीन, 27 गोलियां, नौ एमएम की चार बेरेट्टा पिस्तौल के साथ सात मैग्जीन,109 गोलियां, दो मोबाइल फोन और 610 रुपए मूल्य की पाकिस्तानी मुद्रा बरामद की है।

उन्होंने कहा कि तरन तारन जिले में डाल स्थित सीमा चौकी के पास घुसपैठियों से मुठभेड़ हुई।

सीमा पर स्थित इस चौकी की रक्षा की जिम्मेदारी बीएसएफ की 103वीं बटालियन पर है।

अधिकारी ने बताया कि बल के जवानों ने आधी रात के आसपास सीमा पर बाड़ के पास संदिग्ध गतिविधियां देखी।

उन्होंने इलाके की घेराबंदी की तथा घुसपैठियों से वहीं रुकने और आत्मसमर्पण करने को कहा लेकिन घुसपैठियों ने “इस पर कोई ध्यान नहीं दिया” और जवानों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी।’

उन्होंने कहा, ‘‘ बीएसएफ के जवानों ने उन्हें और दुस्साहस करने से रोकने और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं जिसमें पाकिस्तान के पांच सशस्त्र घुसपैठिए मारे गए।’’

बीएसएफ के महानिरीक्षक (पंजाब फ्रंटियर) मनिपाल यादव ने अमरकोट में संवाददाताओं से कहा कि पांच व्यक्तियों ने “अंतरराष्ट्रीय सीमा लांघ कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश किया।”

यादव ने कहा कि घुसपैठियों के विरुद्ध अभियान शुक्रवार रात साढ़े ग्यारह बजे शुरू हुआ और आज सुबह तलाशी के दौरान पहले दो और बाद में तीन और शव मिले।

उन्होंने कहा कि शवों को स्थानीय पुलिस को दे दिया गया है जो अब मामले की जांच करेगी और शवों के पास से मिले मोबाइल के डेटा की छानबीन करेगी।

बीएसएफ के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि गोलीबारी सुबह साढ़े चार बजे शुरू हुई।

अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने बताया कि घुसपैठिए राइफल लेकर खुद को छिपाने के लिए ‘‘सरकंडे’’ के सहारे प्रवेश कर रहे थे।

बीएसएफ ने तस्वीरों वाला एक कोलाज जारी किया जिसमें दो शव एक के ऊपर एक दिखाई दे रहे हैं वहीं तीन शव अलग अलग स्थानों पर घास पर पड़े हैं।

तस्वीरों में कुछ हथियार और पिटठूबैग भी दिखाई दे रहे हैं।

घुसपैठिए शर्ट अथवा टी-शर्ट और फुल पैंट पहने थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)