अहमदाबाद, 19 मई गुजरात के अहमदाबाद जिले में मंगलवार को कोरोना वायरस के 262 नये मामले सामने आए जबकि जिले में इस वायरस के संक्रमण के कारण 21 लोगों की मौत हो गई। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर अब 8,945 हो गयी है ।
राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले में इस महामारी से 21 मरीजों की मौत होने के साथ ही इससे मरने वालों की संख्या बढ़ कर 576 हो गई है।
विभाग ने बताया कि 182 मरीजों को अहमदाबाद के अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई और इस आंकड़े के साथ ही जिले में अबतक 3,023 को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है ।जिले में अभी 5,346 मरीजों का इलाज चल रहा है।
राज्य सरकार ने बताया कि अहमदाबाद जिले के निषिद्ध क्षेत्रों में लगभग 13 लाख लोग रह रहे हैं। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की ओर से सोमवार को की गयी घोषणा में इन इलाकों में बंद में रियायतें नहीं दी गई हैं।
गलबई टेर्का निषिद्ध क्षेत्र को छोड़कर पश्चिम अहमदाबाद में लोग बड़ी संख्या में खरीददारी के लिए बाहर आए।
अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव गुप्ता ने बताया कि अहमदाबाद के पश्चिमी हिस्से में सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक ज्यादातर कारोबारी प्रतिष्ठानों और कार्यालयों को काम करने की अनुमति दी गई है।
गुप्ता, नगर निगम क्षेत्र के निषिद्ध क्षेत्र में निगरानी के लिये नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सम-विषम आधार पर बाजार परिसर में स्थित दुकानों को भी खोले जाने की अनुमति दी गई है।
उन्होंने कहा कि किसी भी दुकान पर एक समय में पांच से ज्यादा लोगों के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी और जो भी मास्क नहीं लगाए मिलेंगे उनसे 200 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।
गुप्ता ने बताया कि शहर में बस और ऑटो रिक्शा को अब भी चलाने की अनुमति नहीं है और दो पहिया वाहन पर भी सिर्फ एक ही लोग सवार हो सकते हैं जबकि कार में चालक समेत तीन लोगों को बैठने की मंजूरी है।
अहमदाबाद में पिछले चार दिनों में दो लाख से ज्यादा होम डिलिवरी हुई है। यहां अनिवार्य डिजिटल भुगतान के बाद घरों पर सामान पहुंचाने की अनुमति है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY