देश की खबरें | बिहार में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव बरामद
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बिहारशरीफ, पांच अक्टूबर बिहार में नालंदा जिले के दीप नगर पुलिस थाना अंतर्गत सर्वोदय नगर इलाका स्थित एक घर से पुलिस ने सोमवार को दो नाबालिग बच्चों सहित एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव बरामद किए।

पुलिस अधीक्षक नीलेश कुमार ने बताया कि मृतकों में रवि कुमार (38), उनकी पत्नी नेहा कुमारी (32), पुत्री जेनी कुमारी (10) और पुत्र अहान कुमार (08) शामिल हैं।

यह भी पढ़े | Bihar Elections 2020: शिवसेना का बड़ा फैसला, बिहार में 30 से 40 सीटों पर लड़ेगी चुनाव.

उन्होंने कहा कि रवि कुमार एक किराना व्यवसायी थे जबकि उनकी पत्नी एक शिक्षिका थी।

नीलेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल से नमूने और साक्ष्य एकत्रित करने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम को बुलाया गया है।

यह भी पढ़े | Hathras Gangrape: गैंगरेप केस में यूपी पुलिस सख्त, मामले को लेकर दर्ज की 19 FIR.

इस परिवार में से किसी के भी पिछले तीन दिनों से संपर्क नहीं साधे जाने पर उनके रिश्तेदारों ने घर का ताला खोलने के लिए पुलिस को फोन किया।

मृतक के रिश्तेदारों ने पड़ोसियों के उनके घर से दुर्गंध आने की शिकायत किये जाने पर आज दोपहर पुलिस को सूचित किया। मृतक के रिश्तेदार उसी इलाके में दूसरी जगह पर रहते हैं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम एक मेडिकल बोर्ड द्वारा किया जाएगा।

नीलेश ने कहा कि घटना के पीछे का कारण तत्काल ज्ञात नहीं हो पाया है। पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।

हालांकि, मृतक के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि सभी की धारदार हथियार से वार कर हत्या की गयी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह हत्या का मामला है या नहीं, इस संबंध में पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ और पता चल सकता है।

सं अनवर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)