Hantavirus: इजरायल में हंतावायरस का पहला मामला, पूर्वी यूरोप की यात्रा के बाद संक्रमित हुआ मरीज; MV होंडियस आउटब्रेक के बीच बढ़ी चिंता
इजरायल में हंतावायरस (Hantavirus) के पहले मामले की पुष्टि हुई है. मरीज के पूर्वी यूरोप से संक्रमित होकर लौटने की आशंका है. यह मामला ऐसे समय में आया है जब 'MV होंडियस' क्रूज शिप पर इस वायरस के खतरनाक 'एंडीज स्ट्रेन' ने वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है.
तेल अवीव, 8 मई: इजरायल (Israel) में हंतावायरस (Hantavirus) संक्रमण का पहला मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग (Health Department) अलर्ट पर है. 'मारिव' (Maariv) की रिपोर्ट के अनुसार, एक मरीज में इस दुर्लभ वायरस (Virus) की पुष्टि हुई है, जिसके बारे में माना जा रहा है कि वह कुछ महीने पहले पूर्वी यूरोप (Eastern Europe) की यात्रा के दौरान संक्रमित हुआ था. मरीज में बीमारी के लक्षण दिखने के बाद किए गए एंटीबॉडी और पीसीआर (PCR) टेस्ट में संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि हुई है. यह भी पढ़ें: Hantavirus Outbreak on Cruise Ship: क्रूज शिप पर हंतावायरस का प्रकोप, MV होंडियस पर फंसे दो भारतीय क्रू मेंबर, अब तक 3 की मौत
मरीज की स्थिति और चिकित्सा अपडेट
वर्तमान में संक्रमित व्यक्ति की स्थिति स्थिर बताई जा रही है. स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, मरीज को गहन चिकित्सा (ICU) या सख्त आइसोलेशन की आवश्यकता नहीं पड़ी है, लेकिन उसे निरंतर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. सुरक्षा कारणों से मरीज की पहचान और उसके निवास स्थान का खुलासा अभी नहीं किया गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय को इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी गई है.
यूरोपीय बनाम दक्षिण अमेरिकी स्ट्रेन
विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि इजरायल में पाया गया मामला 'यूरोपीय स्ट्रेन' का है, जो आमतौर पर चूहों से इंसानों में फैलता है य.ह उस 'एंडीज स्ट्रेन' (Andes strain) से अलग है जो वर्तमान में अटलांटिक महासागर में मौजूद क्रूज शिप 'MV होंडियस' पर फैला हुआ है. एंडीज स्ट्रेन अधिक खतरनाक माना जाता है, क्योंकि इसमें सीमित रूप से 'इंसान से इंसान' में संक्रमण फैलने की क्षमता होती है, जबकि यूरोपीय स्ट्रेन में ऐसी संभावना न के बराबर होती है.
इजरायल में हंतावायरस का पहला मामला
#BREAKING: Israel just confirmed its first case of hantavirus.
— Insider (World News) (@InsiderWN) May 7, 2026
MV होंडियस पर संकट बरकरार
इजरायल के इस मामले ने 'MV होंडियस' क्रूज शिप पर चल रहे हंतावायरस आउटब्रेक की चर्चा को फिर से तेज कर दिया है. उस जहाज पर अब तक तीन यात्रियों (एक डच जोड़ा और एक जर्मन नागरिक) की मौत हो चुकी है और कुल आठ मामले सामने आए हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) सहित कई देश उन यात्रियों की तलाश कर रहे हैं जो केप वर्डे के पास जहाज रुकने से पहले ही उतर चुके थे, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके. यह भी पढ़ें: क्रूज शिप 'MV Hondius' पर हंतावायरस का प्रकोप: यात्रियों को 8 सप्ताह तक रहना पड़ सकता है क्वारंटीन, 3 की मौत
इजरायल में हंतावायरस का इतिहास
इजरायल के लिए यह मामला असामान्य है, हालांकि करीब एक दशक पहले दक्षिण अमेरिका की यात्रा करने वाले कुछ इजरायली नागरिकों में इस वायरस के संक्रमण का संदेह जताया गया था. हंतावायरस मुख्य रूप से संक्रमित चूहों के संपर्क में आने या उनके अवशेषों से दूषित हवा में सांस लेने से फैलता है. शुरुआती लक्षणों में बुखार और मांसपेशियों में दर्द शामिल है, जो गंभीर होने पर श्वसन तंत्र को प्रभावित कर सकता है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2026 10:55 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

