Tata-BSNL में बिग डील, सस्ते में मिलेगा 4G इंटरनेट! रिचार्ज प्लान्स के दाम बढ़ाने के बाद Jio-Airtel को लगा झटका
TCS और BSNL के बीच 15 हजार करोड़ रुपये का सौदा हुआ है. दोनों साथ मिलकर भारत के 1000 गांवों में 4G इंटरनेट सेवा शुरू करेंगे. इससे आने वाले दिनों में लोगों को तेज़ स्पीड इंटरनेट सेवा मिलेगी.
हाल ही में, प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियों एयरटेल और जियो ने अपने रिचार्ज प्लान्स में बढ़ोतरी की है, जिसके बाद लोग बीएसएनएल की तरफ रुख करने लगे हैं. यही नहीं, एयरटेल और जियो के यूजर्स तेजी से अपने मोबाइल नंबर बीएसएनएल में पोर्ट कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर भी इस बारे में कई ट्रेंड चल रहे हैं. खबरें हैं कि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और बीएसएनएल के बीच 15 हजार करोड़ रुपये का सौदा हुआ है. टीसीएस और बीएसएनएल मिलकर भारत के 1000 गांवों में 4जी इंटरनेट सेवा शुरू करेंगे. इससे आने वाले दिनों में लोगों को तेज़ स्पीड इंटरनेट सेवा मिलेगी.
जियो-एयरटेल को मिलेगी कड़ी टक्कर
वर्तमान में जियो और एयरटेल 4जी इंटरनेट सेवा में दबदबा बनाए हुए हैं, लेकिन अगर बीएसएनएल मज़बूत होता है, तो इससे जियो और एयरटेल के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं. टाटा भारत के लगभग चार क्षेत्रों में डेटा सेंटर बना रहा है, जो भारत के 4जी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में मदद करेगा. बीएसएनएल ने देश भर में 9000 से ज़्यादा 4जी नेटवर्क लगाए हैं, जिन्हें एक लाख तक बढ़ाने का लक्ष्य है.
जियो-एयरटेल ने किया रिचार्ज प्लान्स में बढ़ोतरी
जून महीने में जियो ने अपने रिचार्ज प्लान्स में बढ़ोतरी का ऐलान किया. इसके बाद एयरटेल और वीआई ने भी अपने प्लान्स में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया. जियो और एयरटेल के बढ़े हुए दाम 3 जुलाई से लागू हो गए, जबकि वीआई के बढ़े हुए दाम 4 जुलाई से लागू हो गए.
जियो ने सबसे ज़्यादा दाम बढ़ाए हैं. कंपनी ने एक साथ 12 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है. एयरटेल ने 11 से 21 प्रतिशत और वीआई ने 10 से 21 प्रतिशत तक दाम बढ़ाए हैं. जियो के रिचार्ज प्लान्स में बढ़ोतरी को लेकर लोगों का गुस्सा सोशल मीडिया पर खूब देखने को मिल रहा है. इसी वजह से लोग अब बीएसएनएल की तरफ रुख कर रहे हैं.
यह देखना दिलचस्प होगा कि टाटा-बीएसएनएल का यह सौदा टेलीकॉम इंडस्ट्री में क्या बदलाव लाता है!
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2024 11:36 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

