Bengaluru Road Rage Video: बाइकर्स की गुंडागर्दी, हॉर्न बजाने पर ड्राइवर को दी गाली, कार में की तोड़फोड़

Bengaluru Road Rage: कर्नाटक में रोड रेज का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जहां बेंगलुरु में कुछ बाइकर्स ने एक कार का शीशा तोड़ दिया. पीड़ित के शिकायत के आधार पर वरथुर पीएस में एफआईआर दर्ज कर ली गई है.

घटना बेंगलुरु रोड पर हुई. बाइक सवार चार युवकों ने कार को काफी नुकसान पहुंचाया है. वीडियो में दबंगों को ड्राइवर को गाली देते हुए और वाहन में तोड़फोड़ करते हुए देखा जा सकता है. बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार दोपहर को व्हाइटफील्ड डिवीजन के गुंजूर के वर्तुर में हुई.

वीडियो में दो बाइक सवार कार के आगे चलते दिख रहे हैं. जैसे ही वीडियो आगे बढ़ता है, दो बाइक सवारों को अपने दोपहिया वाहनों को रोकते और कार चालक को गाली देते हुए देखा जा सकता है. बाद में चारों युवक उनके साथ घर तक आ गए और उन्होंने कार में तोड़फोड़ की. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब एक कार चालक ने गुंजूर मुख्य सड़क पर गलत ढंग से बाइक चलाते देख हॉर्न बजाया.