PM Modi Gifts Big to Assam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 14 मार्च 2026 को असम के सिलचर में उत्तर-पूर्वी भारत की कनेक्टिविटी और विकास को नई दिशा देने वाली 24,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इस दौरे का मुख्य आकर्षण 'शिलांग-सिलचर कॉरिडोर' का भूमि पूजन रहा, जो उत्तर-पूर्व का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड चार-लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर होगा. पीएम मोदी ने इस अवसर पर कहा कि इन परियोजनाओं से बराक वैली क्षेत्र न केवल असम बल्कि पूरे दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए एक बड़ा लॉजिस्टिक और ट्रेड हब बनेगा.
बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी पर जोर
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान एनएच-306 पर कैपिटल पॉइंट से रंगिरखारी पॉइंट तक बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर (चरण-1) का भी भूमि पूजन किया. उन्होंने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि यह केवल एक हाईवे प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि दशकों पुराने इंतजार का अंत है. यह कॉरिडोर सिलचर को मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा से सीधे जोड़ेगा. भविष्य में यह मार्ग बांग्लादेश, म्यांमार और दक्षिण-पूर्व एशिया के बाजारों तक भारतीय उत्पादों की पहुंच आसान बनाएगा. यह भी पढ़े: PM Modi Jammu & Kashmir Visit: जम्मू-कश्मीर को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, 1500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का किया शिलान्यास (Watch Video)
शिक्षा और कृषि क्षेत्र में विस्तार
विकास कार्यों के विस्तार में प्रधानमंत्री ने करीमगंज जिले के पथारकंडी में एक नए कृषि महाविद्यालय की आधारशिला भी रखी. पीएम मोदी ने कहा कि रोड, रेल और शिक्षा से जुड़े इन प्रोजेक्ट्स से क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अनगिनत अवसर पैदा होंगे. उन्होंने बराक घाटी की सांस्कृतिक विविधता की सराहना करते हुए इसे असमिया, बंगाली और जनजातीय संस्कृतियों का एक अद्भुत संगम बताया.
चाय बागान श्रमिकों को मिला भूमि का अधिकार
संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने असम सरकार द्वारा चाय बागान श्रमिकों के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि करीब 200 वर्षों से सेवा दे रही पीढ़ियों के संघर्ष को सम्मान देते हुए सरकार ने हजारों परिवारों को जमीन के पट्टे दिए हैं. जमीन का अधिकार मिलने से इन परिवारों को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान का जीवन सुनिश्चित हुआ है.
डबल इंजन सरकार का संकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार बराक घाटी के गौरव को पुनर्जीवित करने के लिए निरंतर काम कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि बराक घाटी की शक्ति और यहां की उद्यमशीलता इस क्षेत्र को उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएगी. कनेक्टिविटी के बेहतर होने से क्षेत्र का आर्थिक परिदृश्य पूरी तरह बदलने की उम्मीद है.













QuickLY