Yamuna Expressway Accident: यूपी के यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, डबल डेकर बस ने ईको वैन को मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत (Watch Video)
उत्तर प्रदेश के हाथरस में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ. नोएडा से गोरखपुर जा रही एक डबल डेकर बस ने दिल्ली से धौलपुर जा रही ईको वैन को पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में तीन महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हैं.
Yamuna Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. माइलस्टोन 141 के पास एक निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में वैन में सवार 13 लोगों में से 6 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, वैन में सवार सभी यात्री दिल्ली के प्रेम नगर से राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा जा रहे थे.
तड़के 4 बजे हुआ हादसा
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) राम आनंद कुशवाहा ने बताया कि यह हादसा सादाबाद थाना क्षेत्र के हरिया गढ़ी गांव के पास सुबह करीब 4:15 से 4:20 बजे के बीच हुआ. 'ट्रैवल पॉइंट' कंपनी की डबल डेकर बस नोएडा से गोरखपुर की ओर जा रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क से करीब 10 फीट दूर जा गिरी. वैन का पिछला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया था. यह भी पढ़े: UP Accident: यूपी के अमरोहा में कार-बोलेरो की जोरदार भिड़ंत, 4 यूट्यूबर्स की मौत 2 घायल- VIDEO
यमुना एक्सप्रेस पर भीषण सड़क हादसा
Breaking –
यमुना एक्सप्रेस वे पर हाथरस जिले में डबल डेकर बस ने ईको वैन में टक्कर मारी। कार सवार 6 लोगों की मौत हुई। बस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी। मरने वाले धौलपुर (राजस्थान) के हैं। कार के परखच्चे उड़ गए। pic.twitter.com/CWUgUElDGL
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) March 3, 2026
मृतकों और घायलों की पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान दिनेश (50), उनकी पत्नी सुनीता (48), विजय बघेल (27), उनकी पत्नी पिंकी बघेल (26), लोकेश (35) और नत्थू देवी (65) के रूप में की है. ये सभी राजस्थान के धौलपुर जिले के निवासी थे. घायलों में चार छोटे बच्चे (आर्यन, अंशु, लक्ष्य और प्राची) और तीन अन्य वयस्क शामिल हैं. घायलों को तत्काल आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज और स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, दो बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है.
ओवरस्पीडिंग और लापरवाही बनी वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओवरस्पीडिंग और बस चालक की लापरवाही इस हादसे का मुख्य कारण हो सकती है. एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि बस चालक वैन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी उसने नियंत्रण खो दिया और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. पुलिस ने बस चालक और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है और बस को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित
हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल रहा और यातायात बाधित हुआ. सूचना मिलते ही सादाबाद पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 03, 2026 11:13 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

