Mirzapur Shocking News: मिर्जापुर में सनसनीखेज वारदात, सुबह टहलने निकले वकील की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई घटना
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में आज सुबह एक वकील और प्रधान पति राजीव सिंह उर्फ रिंटू सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है
Mirzapur Shocking News: मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारू का पूरा इलाके में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक राजीव सिंह उर्फ रिंटू सिंह सुबह की सैर (Morning Walk) के लिए घर से बाहर निकले थे. इसी दौरान घात लगाकर बैठे बाइक सवार हमलावरों ने बेहद करीब से उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ खौफनाक मंजर
इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे. जैसे ही वकील वहां से गुजरे, बाइक से उतरकर एक हमलावर ने उन्हें बहुत नजदीक से गोली मारी.गोली मारने के बाद हमलावर अपने साथी के पास बाइक तक भागा, लेकिन बाइक स्टार्ट न होने के कारण उसे कुछ पलों का इंतजार करना पड़ा. इस दौरान आसपास के लोग भी सक्रिय हुए, लेकिन तब तक हमलावर फरार होने में कामयाब हो गए. यह भी पढ़े: Kawardha Shocking News: छत्तीसगढ़ के कवर्धा में शादीशुदा महिला पर गंभीर आरोप, नाबालिग लड़के को होटल बुलाकर दुष्कर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार
प्रधानी की रंजिश में हत्या की आशंका
मृतक राजीव सिंह वर्तमान में विंध्याचल थाना क्षेत्र के देवरी गांव में प्रधान पति भी थे। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा इसे प्रधानी की रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। हत्या के बाद से इलाके में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है, विशेषकर वकीलों के समुदाय में इस घटना को लेकर गहरा गुस्सा है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की जानकारी मिलते ही मिर्जापुर की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और मृतक के परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है.हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे के सटीक कारणों की गहनता से पड़ताल कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 11, 2026 11:36 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

