UP Exit Polls: एग्जिट पोल के नतीजों पर बोले अखिलेश यादव, BJP की जीत को लेकर बनाई जा रही है धारणा

UP Exit Polls: यूपी के चुनाव के बाद एग्जिट पोल के नतीजे बता रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) दूसरी बार यूपी में वापसी कर रही है. क्योंकि उसे करीब तीन सौ सीटें मिलती हुई नजर आ रही है. वहीं सपा को दूसरे नंबर पर बताया जा रहा है. एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर ही एसपी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) का बयान आया है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि एग्जिट पोल यह धारणा बनाना चाहते हैं कि बीजेपी जीत रही है. यह लोकतंत्र की आखिरी लड़ाई है. उम्मीदवारों को बिना बताए ईवीएम को एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा रहा है.

वहीं अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि वाराणसी के डीएम स्थानीय उम्मीदवारों को बिना कोई जानकारी दिए ईवीएम ले जा रहे हैं. चुनाव आयोग को इसकी जांच करनी चाहिए. अगर ईवीएम को इस तरह से ले जाया जा रहा है तो हमें सतर्क रहने की जरूरत है. यह चोरी है. हमें अपना वोट बचाना है. हम इसके खिलाफ कोर्ट जा सकते हैं लेकिन उससे पहले मैं लोगों से लोकतंत्र को बचाने की अपील करना चाहता हूं.