Lok Sabha Election 2019: गोवा में बीजेपी नीत सरकार के शक्ति परीक्षण का सत्र आरंभ
गोवा में दो दिन पुरानी बीजेपी नीत सरकार के शक्ति परीक्षण के लिए बुलाया गया विधानसभा का विशेष सत्र बुधवार को यहां आरंभ हो गया. राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने अपराह्न साढे 11 बजे विशेष सत्र आहूत किया था.
पणजी: गोवा में दो दिन पुरानी बीजेपी नीत सरकार के शक्ति परीक्षण के लिए बुलाया गया विधानसभा का विशेष सत्र बुधवार को यहां आरंभ हो गया. राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने अपराह्न साढे 11 बजे विशेष सत्र आहूत किया था. मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (Pramod Sawant) ने कहा था कि वह सदन में बहुमत साबित करेंगे. सदन में शक्ति परीक्षण की कार्यवाही अभी आरंभ होनी है. सदन फिलहाल मनोहर पर्रिकर के लिए शोक प्रस्ताव पर चर्चा कर रहा है.
अग्नाशय के कैंसर से पीड़ित पर्रिकर का रविवार को निधन हो गया था. सावंत ने मंगलवार को कहा था कि उनकी सरकार ने बुधवार को सदन में शक्ति परीक्षण करवाने के लिए कहा है ताकि वह अपना बहुमत साबित कर सके. इस तटवर्ती राज्य में बीजेपी नीत सरकार ने 21 विधायकों का समर्थन होने का दावा किया है. इनमें बीजेपी के 12 तथा सहयोगी दल गोवा फारवर्ड पार्टी (जीएफपी) एवं महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के तीन -तीन तथा तीन निर्दलीय विधायक शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: गोवा के नए CM प्रमोद सावंत फ्लोर टेस्ट में हुए पास, विधानसभा में साबित किया बहुमत
गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा की वास्तविक संख्या घटकर 36 रह गयी है क्योंकि मनोहर पर्रिकर एवं बीजेपी विधायक फ्रांसिस डिसूजा का निधन हो गया तथा कांग्रेस के दो विधायकों सुभाष शिरोडकर एवं दयानन्द सोप्ते ने त्यागपत्र दे दिया था. गोवा में कांग्रेस 14 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है जबकि राकांपा का भी एक विधायक है.
सावंत (45 वर्ष) ने सोमवार देर रात दो बजे से थोड़ा पहले गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी. इससे पहले बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के बीच सरकार गठन को लेकर बातचीत का लम्बा दौर चला था.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 20, 2019 01:33 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

