'पुलिस ने फांसी पर लटकाया...' ग्रेटर नोएडा के पुलिस चौकी में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र की चिपयाना चौकी में पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है. मृतक का नाम योगेश है और वह अपनी सहकर्मी द्वारा लगाए गए बलात्कार के आरोप में पूछताछ के लिए चौकी लाया गया था.
पुलिस का कहना है कि योगेश ने गुरुवार सुबह चौकी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया और परिवार के सदस्यों को सूचित किया गया. परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच के लिए फील्ड यूनिट की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर गौतम बुद्ध नगर ने तुरंत चौकी में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है और अतिरिक्त डीसीपी नोएडा को पूरे मामले की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं. पुलिस का कहना है कि घटना में जिसकी भी लापरवाही पाई जाएगी, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
लेकिन मृतक के भाई ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उसके भाई को पुलिस ने रात में चौकी उठाकर लाया था और 5 लाख रुपये रिश्वत मांगी थी. उसने 50 हजार रुपये तो दे दिए लेकिन पुलिस ने फिर 1 हजार रुपये शराब के लिए मांगे और उसे भी दे दिया गया. रात में जब वो चौकी के बाहर था तो उसने पुलिस से कहा कि वो बाकी 4.50 लाख रुपये सुबह दे देगा. पुलिस ने उसे आश्वासन दिया था कि सुबह उसके भाई को छोड़ दिया जाएगा. लेकिन सुबह उसे ये खबर मिली कि उसके भाई को पुलिस ने फांसी लगाकर मार दिया है.
परिवार का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही और मारपीट के चलते युवक की जान गई है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और लोगों में गुस्सा है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2024 07:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

