PM Modi Birthday: पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर राष्ट्रपति, स्पीकर और केंद्रीय मंत्रियों ने दी शुभकामनाएं, नेतृत्व की सराहना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बुधवार को 75वां जन्मदिन मनाया जा रहा है. इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व की सराहना की. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं.
नई दिल्ली, 17 सितंबर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) का बुधवार को 75वां जन्मदिन मनाया जा रहा है. इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला (Om Birla) और केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व की सराहना की. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) ने अपने संदेश में कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है. विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें व अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं."
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस पर अनंत शुभकामनाएं. आपके कुशल नेतृत्व में देश का प्रत्येक नागरिक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है. मातृभूमि के प्रति आपका अद्वितीय समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्त्रोत है. ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य और चिरायु प्रदान करें." यह भी पढ़ें : PM Modi Birthday: ट्रंप ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, दोनों नेताओं के बीच फोन पर हुई बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा, "पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक आकांक्षाओं का केंद्र भी बना है. अंतरिक्ष में चांद के दक्षिणी ध्रुव से लेकर द्वारका में समुद्र की गहराई तक, उन्होंने विरासत और विज्ञान दोनों को गौरव दिलाया है. उनके नेतृत्व में आज भारत स्पेस सेक्टर में नए कीर्तिमान बना रहा है." उन्होंने अपने पोस्ट में आगे कहा, "स्वदेशी कोविड वैक्सीन, स्वदेशी रक्षा प्रणाली, स्टार्टअप्स, इनोवेशन, किसानों की फसलों को उचित दाम दिलाने से लेकर मैन्युफैक्चरिंग मिशन तक, पीएम मोदी एक ऐसे भारत का निर्माण कर रहे हैं, जो हर क्षेत्र में स्वावलंबी हो."
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के योगदान की सराहना करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं. अपने दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अथक परिश्रम से मोदीजी ने भारत को नई ऊर्जा, नई दिशा दी है. उन्होंने भारत का सामर्थ्य और सम्मान पूरे विश्व पटल पर बढ़ाया है."
राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर आगे लिखा, "उन्होंने अपनी अद्भुत नेतृत्व क्षमता, कल्पनाशीलता के साथ-साथ अपनी संवेदनशीलता का भी परिचय दिया है. गरीब कल्याण और लोक कल्याण के प्रति जो उनकी प्रतिबद्धता है, वह अपने आप में एक मिसाल है. विकसित भारत के संकल्प के साथ पीएम मोदी देश को आत्मनिर्भरता, विकास और समृद्धि की दृष्टि से मजबूती दे रहे हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर ऊर्जा प्राप्त हो ताकि वे भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में लगातार सफल सिद्ध हों."
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं देने में राष्ट्र के साथ जुड़ें. उनका परिवर्तनकारी नेतृत्व और आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित भारत बनाने का दृढ़ संकल्प प्रेरणादायी है. उनके अच्छे स्वास्थ्य और राष्ट्र की सेवा में उनके लंबे और दीर्घकालिक जीवन की कामना करता हूं." केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा की जनता की ओर से बधाई देते हुए कहा, "देश के लोकप्रिय नेता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 4.5 करोड़ ओडिया भाइयों और बहनों की ओर से जन्मदिन की ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं."
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 17, 2025 09:09 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

