Mumbai Police Officer Arrested: मुंबई में शर्मनाक वारदात, नाबालिग बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस अधिकारी गिरफ्तार
मुंबई पुलिस के एक डीएसपी रैंक के अधिकारी को वर्ली इलाके में 9 साल की बच्ची के साथ कथित छेड़छाड़ और अश्लील व्यवहार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
Mumbai Police Officer Arrested: मुंबई के वर्ली इलाके में खाकी को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. यहाँ पुलिस के एक उपाधीक्षक (DSP) रैंक के अधिकारी को 9 साल की एक नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ और अश्लील व्यवहार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब बच्ची पास के एक गार्डन में खेलने गई थी. आरोपी अधिकारी के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
गार्डन में की अश्लील हरकतें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता जब गार्डन में खेल रही थी, तभी 56 वर्षीय आरोपी वहां पहुंचा. आरोप है कि उसने बच्ची के सामने न केवल अश्लील व्यवहार किया, बल्कि उसे गलत तरीके से छूने और उकसाने की कोशिश भी की. इस घटना से डरी-सहमी बच्ची ने घर लौटकर अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई. पीड़िता की मां, जो एक घरेलू सहायिका के रूप में काम करती हैं, उन्होंने बिना देरी किए तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क किया. यह भी पढ़े: Mumbai Police Bravery: मुंबई पुलिस की बहादुरी, फिल्मी स्टाइल में पीछा कर चैन स्नैचर को दबोचा, देखें VIDEO
कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और कुछ ही घंटों के भीतर उसे हिरासत में ले लिया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस विभाग में तैनात है आरोपी
जांच के दौरान पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी मुंबई स्थित पुलिस महानिदेशक (DGP) कार्यालय के संचार और आईटी (Communication and IT) विभाग में तैनात है. वह वर्ली पुलिस कैंप में अकेला रहता था. एक उच्च पदस्थ अधिकारी द्वारा इस तरह की घिनौनी हरकत किए जाने के बाद विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है.
कानूनी कार्रवाई और जांच
पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी इस तरह की किसी घटना को अंजाम दिया है. अधिकारियों का कहना है कि कानून के अनुसार निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी.
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2026 12:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

