देश

Mumbai: मुंबई में मंत्रालय के बाहर बुजुर्ग ने की आत्मदाह की कोशिश, सुरक्षाकर्मियों ने बचाई जान

मुंबई के मंत्रालय के मुख्य द्वार के बाहर मंगलवार को एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने आत्मदाह की कोशिश की, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया. नवी मुंबई निवासी प्रेम बजाज ने मंत्रालय के गेट पर पहुंचकर अपने शरीर पर केरोसिन डालकर खुद को आग लगाने का प्रयास किया. हालांकि, तैनात सुरक्षाकर्मी हरकत में आए और प्रेम बजाज को रोक लिया.

Mumbai: मुंबई में मंत्रालय के बाहर बुजुर्ग ने की आत्मदाह की कोशिश, सुरक्षाकर्मियों ने बचाई जान
मुंबई पुलिस/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: File Image)

मुंबई, 30 सितंबर : मुंबई (Mumbai) के मंत्रालय के मुख्य द्वार के बाहर मंगलवार को एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने आत्मदाह की कोशिश की, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया. नवी मुंबई निवासी प्रेम बजाज ने मंत्रालय के गेट पर पहुंचकर अपने शरीर पर केरोसिन डालकर खुद को आग लगाने का प्रयास किया. हालांकि, तैनात सुरक्षाकर्मी हरकत में आए और प्रेम बजाज को रोक लिया. सुरक्षाकर्मियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रेम बजाज को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि प्रेम बजाज अपने आवास के पास स्थित फैक्ट्रियों से होने वाले निरंतर शोर से बेहद परेशान थे. ये फैक्ट्रियां चौबीसों घंटे चलती हैं, जिसके कारण आसपास के निवासियों का जीना मुहाल हो गया है. बजाज ने नवी मुंबई नगर निगम और अन्य स्थानीय अधिकारियों से इस मुद्दे पर बार-बार शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अधिकारियों के पास बार-बार जाने और सुनवाई न होने से तंग आकर उसने मंत्रालय के सामने आत्महत्या करने की कोशिश की. घटना की सूचना मिलने पर बजाज के परिवार के सदस्य मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन पहुंचे. पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी कर रिहा कर दिया. यह भी पढ़ें : 35 करोड़ की कोकीन के साथ बॉलीवुड एक्टर चेन्नई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ में कर चुका है काम

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है. इस घटना ने न केवल प्रशासनिक लापरवाही को उजागर किया है, बल्कि आम नागरिकों की अनसुनी शिकायतों और उनकी बढ़ती निराशा को भी सामने लाया है. स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए मांग की है कि प्रशासन फैक्ट्रियों से होने वाले शोर पर नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाए. पुलिस ने कहा कि वे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 01, 2025 08:22 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).