Ladki Bahin Yojana Update: लाड़की बहनों को बड़ी खुशखबरी, संभाजीनगर में चुनाव प्रचार के दौरान डिप्टी सीएम शिंदे बोले; महिलाओं को जल्द ही मिलेंगे 2100 रुपये
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणा की है कि 'लाडकी बहिन योजना' के तहत मिलने वाली राशि को 1500 रुपये से बढ़ाकर जल्द ही 2100 रुपये किया जाएगा.
Ladki Bahin Yojana Update: महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की सरगर्मी के बीच उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रदेश की महिलाओं को एक बड़ी सौगात देने की घोषणा की है. छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) के देवगांव रंगारी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए शिंदे ने स्पष्ट किया कि 'मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना' की राशि को 1500 रुपये से बढ़ाकर जल्द ही 2100 रुपये किया जाएगा. उन्होंने विरोधियों की आलोचनाओं को दरकिनार करते हुए भरोसा दिलाया कि यह योजना न केवल जारी रहेगी, बल्कि इसका दायरा और लाभ भी बढ़ाया जाएगा.
2100 रुपये देने का वादा
जनसभा के दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने चिरपरिचित अंदाज में कहा कि वे "शब्द के पक्के" हैं. उन्होंने घोषणा की कि महायुति सरकार ने जो वादा अपने चुनावी वचननामे में किया था, उसे 100 प्रतिशत पूरा किया जाएगा. शिंदे ने कहा, "यह भाई केवल वोट मांगने नहीं आया है, बल्कि अपनी बहनों को सम्मान देने आया है. जल्द ही लाडकी बहनों के खाते में 1500 के बजाय 2100 रुपये जमा होंगे. यह भी पढ़े: Ladki Bahin Yojana Name: महाराष्ट्र में ‘लाडकी बहन योजना’ का नाम बदलने की उठी मांग, NCP नेता ने अजित पवार के नाम पर रखने का रखा प्रस्ताव
विपक्षी अफवाहों-CAG की टिप्पणियों पर जवाब
पिछले कुछ दिनों से विपक्षी दल योजना के बजट और सीएजी की कुछ टिप्पणियों को लेकर सरकार पर निशाना साध रहे थे. इसका जवाब देते हुए शिंदे ने कहा कि इस योजना पर सालाना करीब 45,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएजी की टिप्पणियों के बावजूद योजना को बंद नहीं किया जाएगा. शिंदे के अनुसार, इस योजना ने महिलाओं को उद्यमी बनने की प्रेरणा दी है और कई महिलाएं छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं.
महिलाओं को 'लखपती' बनाने का लक्ष्य
एकनाथ शिंदे ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उनका लक्ष्य केवल आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की महिलाओं को 'लखपती' बनाना है. उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस उम्मीदवार के पीछे महिला शक्ति खड़ी होती है, उसकी जीत सुनिश्चित होती है. इस दौरान उन्होंने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार को भी याद किया और कहा कि उनके अधूरे सपनों को महायुति सरकार मिलकर पूरा करेगी.
चुनाव प्रचार और आगामी रणनीति
वर्तमान में महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए प्रचार चरम पर है. संभाजीनगर की इस रैली में शिंदे के साथ विधायक रमेश बोरनारे, संजना जाधव और सांसद संदिपान भुमरे जैसे दिग्गज नेता भी मौजूद थे. विशेषज्ञों का मानना है कि योजना की राशि में 600 रुपये की बढ़ोतरी का यह एलान ग्रामीण इलाकों में महायुति के पक्ष में माहौल बनाने में निर्णायक साबित हो सकता है.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 04, 2026 12:15 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

