Faridabad Accident: फरीदाबाद में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बच्चे को रौंदा, आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर
फरीदाबाद मे सदर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में शुक्रवार शाम सड़क हादसे में 12 वर्षीय तरुण की मौत हो गई. इस मामले में आरोपी स्कॉर्पियो चालक अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है. परिजनों का कहना है कि जिस गाड़ी से यह हादसा हुआ, वह तीन-चार दिन से तेज रफ्तार में इसी रास्ते से गुजर रही थी. गाड़ी में सवार लोग नशा करने आते थे.
फरीदाबाद, 14 सितंबर : फरीदाबाद (Faridabad) मे सदर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में शुक्रवार शाम सड़क हादसे (Road Accidents) में 12 वर्षीय तरुण की मौत हो गई. इस मामले में आरोपी स्कॉर्पियो चालक अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है. परिजनों का कहना है कि जिस गाड़ी से यह हादसा हुआ, वह तीन-चार दिन से तेज रफ्तार में इसी रास्ते से गुजर रही थी. गाड़ी में सवार लोग नशा करने आते थे. कई बार गांव वालों ने स्कॉर्पियो सवार को रोका था, लेकिन उन्होंने अनदेखा कर दिया. उन्होंने पुलिस से भी शिकायत की थी, लेकिन अब तक पुलिस ने इस मामले में कुछ नहीं किया. वहीं आईएमटी चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर भूपेंद्र कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी स्कॉर्पियो लेकर भागते हुए साफ दिख रहे हैं और बाइक सवार उनका पीछा कर रहा है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
तरुण के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे कक्षा छह में पढ़ने वाला तरुण घर से ट्यूशन के लिए निकला था. उसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने उसे कुचल दिया. हादसे में तरुण की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के वक्त स्कॉर्पियो में तीन से चार युवक सवार थे. ड्राइवर बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहा था. इस दौरान एक युवक ने बाइक से उनका पीछा भी किया और उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं रुके और गाड़ी स्पीड में भगा ले गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. यह भी पढ़ें : UP के बाराबंकी में संदिग्ध हालत में मिले कई बंदरों के शव, जहर देकर मारे जाने की आशंका, जांच जारी
तरुण के पिता राकेश शर्मा एक निजी कंपनी में गार्ड की नौकरी करते हैं. उन्होंने बताया कि तरुण उनका सबसे छोटा बेटा था. परिजन विक्की ने बताया पुलिस ने हमें बस यही बताया था कि गाड़ी का पता चल गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन अब पुलिस भी कुछ नहीं बता रही है. हमें बस इंसाफ चाहिए. पुलिस जांच में पता चला है कि स्कॉर्पियो मेरठ के एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है, लेकिन उसे चला रहा युवक नीमका गांव का रहने वाला है. पुलिस ने स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया है और संदिग्धों की पहचान कर ली गई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 14, 2025 03:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

