Eid Shopping Video: ईद से पहले खरीदारी को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक, दिल्ली-मुंबई समेत बड़े शहरों में उमड़ी भीड़; जानें भारत में कब है ईद-उल-फितर का त्योहार
ईद-उल-फितर के त्योहार को लेकर देशभर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है. दिल्ली, मुंबई और कोलकाता, लखनऊ जैसे बड़े शहरों में लोग कपड़ों और सेवइयों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं. भारत में ईद 20 या 21 मार्च को मनाए जाने की संभावना है.
Eid Shopping Video: पवित्र रमजान महीने के समापन के साथ ही अब देशभर में ईद-उल-फितर की तैयारियां जोरों पर हैं. रविवार, 15 मार्च को दिल्ली के चांदनी चौक से लेकर मुंबई के मोहम्मद अली रोड तक बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं दिखी. लोग नए कपड़ों, जूतों और त्योहार की खास मिठाई 'सेवइयों' की खरीदारी के लिए भारी संख्या में पहुंच रहे हैं. व्यापारियों का कहना है कि शाम के समय और इफ्तार के बाद बाजारों में रौनक कई गुना बढ़ जाती है.
बड़े शहरों के बाजारों का हाल
दिल्ली के जामा मस्जिद और चांदनी चौक इलाकों में खरीदारों का हुजूम उमड़ रहा है. लोग पारंपरिक कुर्ते, शेरवानी और बच्चों के कपड़ों की तलाश में दुकानों पर डटे हैं. वहीं, मुंबई में कोलाबा कॉजवे और भेंडी बाजार में सुबह से ही गहमागहमी देखी जा रही है. कोलकाता के न्यू मार्केट और जकारिया स्ट्रीट पर भी रंग-बिरंगी टोपियों और इत्र की दुकानों पर भीड़ लगी हुई है. दक्षिण भारत में चेन्नई के टी नगर और हैदराबाद के लाड बाजार में भी यही स्थिति बनी हुई है. कुछ इसी तरह भीड़ यूपी के प्रय्ग्राज में भी ईद की खरीदारी को लेकर भीड़ देखी गई. यह भी पढ़े: Eid ul Fitr 2026: भारत, सऊदी अरब और यूएई में चांद दिखने की तारीख और संभावित उत्सव
ईद की खरीदारी
ईद से पहले ही बाजारों में ‘चांद रात’ का धमाका,खरीदारी को उमड़ी भीड़
मिडिल ईस्ट के तनाव ने बढ़ाई बेचैनी,महंगाई के डर से लोग अभी से कर रहे खरीदारी
गैस के बाद अब बाजार भी महंगे होने का डर,लोगों ने खोल दिए जेब के ताले#EidShopping #chandraat #Eid2026 #FestivalShopping pic.twitter.com/pgtVR2k6y5
— Punjab Kesari-UP/UK (@UPkesari) March 13, 2026
सेवइयों और खजूर की बढ़ी मांग
ईद के त्योहार पर खास तौर पर बनने वाली 'शीर खुरमा' के लिए सेवइयों और सूखे मेवों की दुकानों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं. बाजार में बनारसी, किमामी और लच्छा सेवइयों की कई किस्में उपलब्ध हैं. इसके साथ ही इफ्तार और ईद के तोहफों के लिए अलग-अलग देशों से आए खजूरों की भी जमकर बिक्री हो रही है.
भारत में कब है ईद?
भारत में ईद-उल-फितर की सटीक तारीख चांद दिखने पर निर्भर करेगी. खगोलीय गणनाओं और रिपोर्ट के अनुसार, इस साल ईद का चांद 19 मार्च (गुरुवार) या 20 मार्च (शुक्रवार) की शाम को देखा जा सकता है.
- यदि चांद 19 मार्च को दिखता है, तो ईद-उल-फितर शुक्रवार, 20 मार्च को मनाई जाएगी.
- यदि चांद 20 मार्च को नजर आता है, तो रमजान के 30 रोजे पूरे होंगे और ईद शनिवार, 21 मार्च को होगी.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. प्रमुख बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है. यातायात को सुचारू रखने के लिए कई इलाकों में वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगाई गई है ताकि पैदल खरीदारी करने वालों को परेशानी न हो.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 15, 2026 09:13 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

