देश

कोरोना वायरस: लॉकडाउन के बावजूद शाहीन बाग में जमा हुए लोग, आज सुबह प्रदर्शनकारियों से कराया गया था खाली

दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच मंगलवार को शाहीन बाग प्रदर्शनकारियों से खाली करा लिया गया. पिछले 100 दिनों से संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ यहां प्रदर्शन पर बैठे लोगों को आज सुबह हटाया गया.

कोरोना वायरस: लॉकडाउन के बावजूद शाहीन बाग में जमा हुए लोग, आज सुबह प्रदर्शनकारियों से कराया गया था खाली
शाहीन बाग (Photo Credits: ANI)

नई दिल्ली: दिल्ली में कोरोना वायरस (Coronavirus) के बढ़ते संक्रमण के बीच मंगलवार को शाहीन बाग (Shaheen Bagh) प्रदर्शनकारियों से खाली करा लिया गया. दिल्ली पुलिस ने पिछले 100 दिनों से संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ यहां प्रदर्शन पर बैठे लोगों को आज सुबह हटाया. दरअसल दिल्ली में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया गया है, साथ ही किसी भी जगह पर लोगों के एकत्रित होने पर पाबंदी लगाई गई है. इसके बावजूद शाहीन बाग प्रदर्शन स्थगित नहीं किया गया. उधर, शाहीन बाग को खाली कराए जाने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ भी जमा होने लगी है. हालांकि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है.

न्यूज़ एजेंसी एएनआई द्वारा साझा की गई तस्वीर में साफ़ देखा जा सकता है कि सीएए विरोधी प्रदर्शन स्थल शाहीन बाग के पास लोग इकट्ठा हुए है. हालांकि अब तक किसी भी तरह के उपद्रव की जानकारी नहीं मिली है. पुलिस के अनुसार जब प्रदर्शनकारियों ने जगह खाली करने से इनकार कर दिया तो कार्रवाई की गई और प्रदर्शन स्थल जबरन खाली कराया गया. दिल्ली: शाहीन बाग में अलग-अलग स्थान पर मिले 3 शव

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही शाहीन बाग में सीएए के खिलाफ जारी प्रदर्शन से जुड़े एक प्रदर्शनकारी में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी. जिसके बाद कोविड-19 पर लगाम लगाने के प्रयासों के तहत सरकार के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने एहतियातन धरना स्थल को खाली कराया है. पुलिस की करवाई का विरोध कर रहे कुछ लोगों को भी हिरासत में लिया गया है. धरना स्थल से पुलिस ने टेंट उखाड़ दिया है, और सड़क आवाजाही के खाली करवा दिया है. फिलहाल मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है.

गौरतलब है कि कोरोना वायरस को रोकने के लिए दिल्ली और केंद्र सरकार ऐहतियातन हर कदम उठा रही है. दिल्ली में कर्फ्यू जैसे हालात हैं. ऐसे में जो लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है. दिल्ली पुलिस ने लॉकडाउन के पहले दिन राष्ट्रीय राजधानी के अलग-अलग इलाकों में 1012 केस दर्ज किए. (एजेंसी इनपुट के साथ)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 24, 2020 11:42 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).