Bihar Next CM: बिहार में नए मुख्यमंत्री बनाने की कवायद तेज, नए सीएम के चयन के लिए शिवराज सिंह चौहान को बनाया गया BJP का केंद्रीय पर्यवेक्षक
बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद, भाजपा ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है
Bihar Next CM: बिहार के राजनीतिक परिदृश्य में एक बड़े बदलाव की तैयारी पूरी हो गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) के राज्यसभा के लिए शपथ लेने के बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री के चयन की कवायद तेज हो गई है. इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केंद्रीय नेतृत्व ने सक्रियता बढ़ा दी है.
शिवराज सिंह चौहान को मिली बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार में पार्टी के विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु केंद्रीय पर्यवेक्षक (सेंट्रल ऑब्जर्वर) नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि बिहार में अब भाजपा के नेतृत्व में सरकार गठन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है. शिवराज सिंह चौहान की देखरेख में ही राज्य के नए मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा. यह भी पढ़े: Nitish Kumar Rajya Sabha MP Oath: नीतीश कुमार आज लेंगे राज्यसभा सांसद की शपथ, बिहार में नए मुख्यमंत्री की सुगबुगाहट तेज
नीतीश कुमार का राज्यसभा में प्रवेश
नीतीश कुमार ने 10 अप्रैल, 2026 को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली है। इससे पहले, उन्होंने 30 मार्च को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, सांसद चुने जाने के बाद उन्हें राज्य विधानमंडल की सदस्यता छोड़नी थी। हालांकि, वे मुख्यमंत्री के पद पर अभी भी बने हुए हैं, लेकिन उनके आगामी दिनों में इस्तीफा देने की पूरी संभावना है.
अगले कदम की प्रतीक्षा
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 14 अप्रैल का दिन बिहार की राजनीति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हो सकता है. यह तिथि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती के साथ-साथ हिंदू कैलेंडर के अनुसार 'खरमास' की समाप्ति का भी प्रतीक है। माना जा रहा है कि इसी दौरान भाजपा अपने नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर सकती है और 15 या 16 अप्रैल तक नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो सकता है. फिलहाल, राज्य में नए नेतृत्व के चयन को लेकर एनडीए गठबंधन में गहन विचार-विमर्श का दौर जारी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 12, 2026 03:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

