Bihar CM Portfolio Allocation: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पास रखे 29 विभाग, कैबिनेट विस्तार के बाद होगा बाकी मंत्रालयों का बंटवारा
(Photo Credits ANI)

Bihar Chief Minister Portfolio Allocation Details: सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में नई सरकार के गठन के बाद विभागों का प्रारंभिक बंटवारा कर दिया गया है. राज्यपाल सैयद अता हसनैन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पास 29 अहम विभाग रखे हैं, जबकि बाकी विभागों का आवंटन कैबिनेट विस्तार के बाद किया जाएगा. नई सरकार के गठन के साथ ही मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के बीच प्रमुख विभागों का बंटवारा किया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासनिक रूप से सबसे अधिक जिम्मेदारियां अपने पास रखी हैं और वे उन विभागों को भी देखेंगे, जिनका अभी आवंटन नहीं हुआ है. यह भी पढ़ें: Samrat Chaudhary CM Charge: बिहार में नई सरकार का गठन, सम्राट चौधरी ने सीएम पद की शपथ के बाद संभाला पदभार

सम्राट चौधरी के पास ये प्रमुख विभाग (Samrat Choudhary Departments List)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास सामान्य प्रशासन, गृह, कैबिनेट सचिवालय, सतर्कता, चुनाव, राजस्व एवं भूमि सुधार, खान एवं भूविज्ञान, शहरी विकास एवं आवास, स्वास्थ्य, विधि, उद्योग, पथ निर्माण, कृषि, लघु जल संसाधन, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, दुग्ध, मत्स्य एवं पशु संसाधन, आपदा प्रबंधन, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, सूचना प्रौद्योगिकी, खेल, सहकारिता, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, गन्ना उद्योग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण और पंचायती राज जैसे विभाग शामिल हैं.

डिप्टी CM विजय कुमार चौधरी को मिले ये विभाग (Vijay Kumar Chaudhary Departments)

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी को 10 विभागों की जिम्मेदारी दी गई है. इनमें जल संसाधन, संसदीय कार्य, सूचना एवं जनसंपर्क, भवन निर्माण, अल्पसंख्यक कल्याण, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, तकनीकी शिक्षा, ग्रामीण विकास, परिवहन और उच्च शिक्षा जैसे अहम विभाग शामिल हैं.

डिप्टी CM बिजेंद्र प्रसाद यादव संभालेंगे ये विभाग (Bijendra Prasad Yadav Departments)

वहीं उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव को 8 महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए हैं. इनमें ऊर्जा, योजना एवं विकास, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, वित्त, वाणिज्य कर, समाज कल्याण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण और ग्रामीण कार्य विभाग शामिल हैं.

कैबिनेट विस्तार के बाद होगा बाकी विभागों का बंटवारा

फिलहाल कई विभागों का आवंटन बाकी है, जिन्हें आगामी कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के बीच बांटा जाएगा. इससे सरकार की कार्यप्रणाली और अधिक स्पष्ट होगी.

शपथ ग्रहण के साथ नई सरकार की शुरुआत

इससे पहले सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. उनके साथ विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी टैटू की शपथ ली. दोनों नेता पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं.

क्या संकेत देती है ये व्यवस्था?

शुरुआती विभागीय बंटवारा यह दर्शाता है कि फिलहाल सरकार एक केंद्रीकृत लेकिन संक्रमणकालीन ढांचे में काम कर रही है, जहां मुख्यमंत्री के पास अधिकतर विभाग हैं. आने वाले दिनों में कैबिनेट विस्तार के बाद शासन की संरचना और स्पष्ट होगी.