देश

Assembly Elections 2026: तमिलनाडु की सभी सीटों और पश्चिम बंगाल के पहले चरण के लिए मतदान शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

देश के दो प्रमुख राज्यों, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है. तमिलनाडु में जहाँ एक ही चरण में सभी सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, वहीं बंगाल में आज पहले चरण का मतदान हो रहा है.

Assembly Elections 2026: तमिलनाडु की सभी सीटों और पश्चिम बंगाल के पहले चरण के लिए मतदान शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतदान केंद्र पर पहुंचे मतदाता (Photo Credits: X/@CEOWestBengal)

नई दिल्ली: भारत के दो बड़े राज्यों, तमिलनाडु (Tamil Nadu) और पश्चिम बंगाल  (West Bengal) में विधानसभा चुनाव 2026 (Assembly Elections) के लिए आज, 23 अप्रैल को मतदान शुरू हो गया है. तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर आज एक ही चरण में वोट डाले जा रहे हैं, जबकि पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए होने वाले चुनाव के पहले चरण में आज 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है. कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 7 बजे शुरू हुई यह प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी. मतदान से पहले सभी केंद्रों पर मॉक पोल (Mock Poll) के जरिए ईवीएम की शुद्धता जांची गई. 4 मई को दोनों राज्यों के चुनावी परिणामों की घोषणा की जाएगी. यह भी पढ़ें: West Bengal Assembly Election 2026: अमित शाह का बड़ा वादा- 'सत्ता में आए तो वापस लाएंगे पलायन कर चुके उद्योग, महिलाओं को 33% आरक्षण'

तमिलनाडु: त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना

तमिलनाडु में इस बार मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है. मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ डीएमके (DMK) के नेतृत्व वाले 'सेकुलर प्रोग्रेसिव अलायंस' और एआईएडीएमके (AIADMK) के नेतृत्व वाले 'राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन' (NDA) के बीच है.

हालांकि, अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी टीवीके (TVK) के चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय होने की उम्मीद है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक के अनुसार, राज्य में 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें महिला मतदाताओं की संख्या (2.93 करोड़) पुरुषों (2.80 करोड़) से अधिक है. यह भी पढ़ें: Tamil Nadu Assembly Elections 2026: वोटर लिस्ट में अपना नाम कैसे चेक करें और डिजिटल वोटर आईडी कैसे डाउनलोड करें?

पश्चिम बंगाल: सत्ता की 'हैट्रिक' बनाम 'परिवर्तन'

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है. वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है.

बंगाल में चुनाव दो चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं. आज पहले चरण में 152 सीटों पर 1,478 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो रहा है. राज्य में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा. चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की है.

अन्य राज्यों में उपचुनाव

मुख्य विधानसभा चुनावों के साथ-साथ आज कुछ राज्यों में उपचुनाव (By-elections) के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं. गुजरात की उमरेठ और महाराष्ट्र की बारामती व राहुरी विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है. इन सीटों के नतीजे भी 4 मई को मुख्य चुनावों के साथ ही घोषित किए जाएंगे.

 

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2026 08:16 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).