ऑटो

दिल्ली पहुंची Tesla की रफ्तार, आज Aerocity में खुलेगा देश का दूसरा शोरूम; Model Y electric SUV की मिलेगी जानकारी

मुंबई में पहला शोरूम खोलने के बाद अब कंपनी ने दिल्ली के एयरोसिटी स्थित वर्ल्डमार्क 3 कॉम्प्लेक्स में दूसरा अनुभव केंद्र (Experience Centre) शुरू कर दिया है.

दिल्ली पहुंची Tesla की रफ्तार, आज Aerocity में खुलेगा देश का दूसरा शोरूम; Model Y electric SUV की मिलेगी जानकारी
Photo- @Tesla_India/X

Tesla Delhi Showroom: अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला ने भारत में अपने विस्तार की रफ्तार बढ़ा दी है. मुंबई में पहला शोरूम खोलने के बाद अब कंपनी ने दिल्ली के एयरोसिटी स्थित वर्ल्डमार्क 3 कॉम्प्लेक्स में दूसरा अनुभव केंद्र (Experience Centre) शुरू कर दिया है. यह नया शोरूम आज, 11 अगस्त से आम लोगों के लिए खुल गया है. कंपनी के भारत पोर्टफोलियो में फिलहाल सिर्फ मॉडल Y इलेक्ट्रिक SUV शामिल है, जो दो वेरिएंट में आती है. पहला स्टैंडर्ड रियर-व्हील ड्राइव (RWD) वर्जन जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 59.89 लाख रुपये है.

जबकि दूसरा लॉन्ग रेंज RWD वेरिएंट 67.89 लाख रुपये में उपलब्ध है. दोनों की डिलीवरी 2025 की तीसरी तिमाही से शुरू होने की संभावना है.

ये भी पढें: मुंबई के बाद अब दिल्ली में भी होगा Tesla का स्टोर, 11 अगस्त को एरोसिटी में खुलेगा नया शोरूम: रिपोर्ट

टेस्ला आज दिल्ली के एयरोसिटी में अपना शोरूम खोलेगी

फीचर्स, कीमत सहित हर डिटेल

स्टैंडर्ड मॉडल Y एक बार चार्ज करने पर 500 किलोमीटर की रेंज देता है और 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार 5.9 सेकंड में पकड़ता है. वहीं, लॉन्ग रेंज वेरिएंट की ड्राइविंग रेंज 622 किलोमीटर तक है और यह 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा सिर्फ 5.6 सेकंड में पहुंच सकता है. दोनों मॉडलों की टॉप स्पीड 201 किलोमीटर प्रति घंटा है.

भारत में टेस्ला फिलहाल मॉडल Y को पूरी तरह से तैयार गाड़ी (CBU) के रूप में इंपोर्ट कर रही है. इस पर लगने वाले ऊंचे आयात शुल्क के कारण भारत में इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार की तुलना में लगभग दोगुनी हो जाती है, जिससे यह देश के महंगे इलेक्ट्रिक वाहनों में गिनी जाती है.

मुंबई में खुला था पहला शो-रूम

दिल्ली के नए शोरूम के लिए टेस्ला ने करीब 8,200 वर्गफुट का स्पेस 9 साल की लीज पर लिया है. शुरुआती किराया 17.22 लाख रुपये प्रति माह तय किया गया है, जिसमें हर तीन साल पर किराए में बढ़ोतरी होगी. इससे पहले मुंबई का शोरूम करीब 4,000 वर्गफुट में खोला गया था.

एयरोसिटी में बना यह नया अनुभव केंद्र न सिर्फ गाड़ियों की डिस्प्ले के लिए होगा, बल्कि यहां ग्राहक टेस्ला के फीचर्स, तकनीकी जानकारी और चार्जिंग सॉल्यूशंस के बारे में भी जान पाएंगे. संभावित खरीदार यहां टेस्ट ड्राइव की बुकिंग और खरीद प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी ले सकेंगे.

भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ी

ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स का मानना है कि दिल्ली में शोरूम खोलना टेस्ला की भारत में लंबे समय की रणनीति का हिस्सा है. आने वाले समय में कंपनी मेट्रो शहरों में और भी शोरूम व सर्विस सेंटर खोल सकती है, ताकि इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत कर सके.

भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी तेजी से विकसित हो रहा है. ऐसे में टेस्ला के लिए यह सही समय है कि वह अपने नेटवर्क का विस्तार करे और ग्राहकों के बीच ब्रांड को और लोकप्रिय बनाए.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 11, 2025 08:38 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).