उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सैकड़ों चमगादड़ों की मौत, लोगों में खौफ
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर (Gorakhpur) के ग्रामीण क्षेत्र खजनी रेंज के बेलघाट गांव (Belghat Area) उस वक्त हड़कंप मच गया जब बगीचे में ढेर सारे मरे हुए चमगादड़ (Dead Bats) मिले. ग्रामीण इस घटना को कोरोना वायरस संक्रमण से जोड़कर देख रहे हैं. वन विभाग को आशंका है कि अत्यधिक गर्मी और पानी न मिलने की वजह से ये चमगादड़ मर गये होंगे। बहरहाल, इन मृत चमगादड़ों को पोस्टमार्टम के लिए बरेली स्थित भारतीय पशु अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) भेज दिया गया है. बेलघाट के पंकज शाही ने कहा, मैंने अपने बगीचे में सुबह देखा कि आम के पेड़ के नीचे बड़ी संख्या में चमगादड़ मरे पड़े हैं. मेरे बाग से सटा हुआ एक और बाग है, वहां भी खासी संख्या में चमगादड़ मरे पड़े थे.