कश्मीर में पुलिस द्वारा स्वास्थ्य कर्मियों के उत्पीड़न के खिलाफ डॉक्टरों का प्रदर्शन
डॉक्टरों के हाथ में पोस्टर थे जिन पर लिखा था, ‘‘वे हमें रोक सकते हैं, हमें पीट सकते हैं, निर्वस्त्र कर सकते हैं, हमें गिरफ्तार कर सकते हैं लेकिन हम आपके लिए हमेशा रहेंगे।’’
श्रीनगर, 26 मई श्रीनगर के शिरीनबाग स्थित एक सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल के डॉक्टरों ने कश्मीर में पुलिस द्वारा स्वास्थ्य पेशेवरों के कथित उत्पीड़न के खिलाफ मंगलवार को सांकेतिक प्रदर्शन किया।
डॉक्टरों के हाथ में पोस्टर थे जिन पर लिखा था, ‘‘वे हमें रोक सकते हैं, हमें पीट सकते हैं, निर्वस्त्र कर सकते हैं, हमें गिरफ्तार कर सकते हैं लेकिन हम आपके लिए हमेशा रहेंगे।’’
बांदीपुरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ ताजामुल हुसैन को पुलिस द्वारा रोके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हुसैन उत्तर कश्मीर जिले के एक पृथक-वास केंद्र और नमूना संग्रहण केंद्र का निरीक्षण करने जा रहे थे।
पिछले सप्ताह श्रीनगर में पुलिसकर्मियों ने एक वरिष्ठ डॉक्टर को कथित तौर पर अपमानित किया और एक दिन के लिए हिरासत में रखा। वह अस्पताल जा रहे थे।
वरिष्ठ हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ सैयद मकबूल ने आरोप लगाया कि उन्हें पुलिस वालों ने मारा-पीटा और उनके साथ गाली-गलौच की।
इस घटना से डॉक्टर बिरादरी में आक्रोश देखा गया। सरकारी मेडिकल कॉलेज श्रीनगर की प्राचार्य डॉ सामिया राशिद ने इस मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की।
घटना सामने आने पर श्रीनगर के एसएसपी हसीब मुगल ने जांच का आदेश दिया। उन्होंने कहा था कि एक पुलिसकर्मी को कथित तौर पर काम करने से रोकने के मामले में डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गयी।
डॉक्टर्स एसोसिएशन कश्मीर (डीएके) ने इन घटनाओं के खिलाफ एक दिन का बंद बुलाया है।
डीएके के अध्यक्ष सुहेल नाइक ने मंगलवार को एक बयान में इसकी घोषणा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 26, 2020 06:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

