देश की खबरें | निशिकांत दुबे के खिलाफ युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव खन्ना के खिलाफ विवादित बयान देने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे की बर्खास्तगी की मांग करते हुए मंगलवार को प्रदर्शन किया।

युवा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता दुबे के आवास की तरफ बढ़ने की तैयारी में थे, हालांकि पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा, ‘‘भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा भारत के मुख्य न्यायाधीश और उच्चतम न्यायालय पर दिया गया बयान न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र की नींव पर सीधा प्रहार है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय न्यायपालिका की स्वतंत्रता हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है, और इसे किसी भी कीमत पर सुरक्षित रखना हमारा कर्तव्य है।

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि न्यायपालिका पर इस प्रकार के हमले सीधे तौर पर प्रधानमंत्री के इशारे पर हो रहे हैं, जो यह दर्शाता है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की साजिश चल रही है।

उन्होंने कहा कि दुबे को संसद की सदस्यता से बर्खास्त किया जाना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)