मुंबई, 21 जून महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि तनाव और जीवनशैली से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए योग को जन आंदोलन में बदलना आज समय की जरूरत है।
शिंदे ने गेटवे ऑफ इंडिया, राज्य सचिवालय और यहां विधान भवन पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद कहा कि यह गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
शिंदे ने कहा, ‘‘स्वस्थ रहने के लिए योगाभ्यास ही मूल मंत्र है। योग बदलती जीवनशैली और तनाव से निपटने के लिए आवश्यक है। इसलिए, योगाभ्यास को जन आंदोलन में बदलने की जरूरत है।’’
उन्होंने कहा कि बुधवार सुबह राज्य भर में योग दिवस के कार्यक्रमों में एक साथ 35 लाख लोगों ने भाग लिया।
महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस विधान भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और नागरिकों से स्वस्थ रहने के लिए योग को अपना अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि योग का अभ्यास आत्मविश्वास, धैर्य के स्तर को बढ़ाता है और विभिन्न बीमारियों के इलाज में मदद करता है।
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा और बीमारियों से लड़ने में सक्षम बनाने वाली निवारक दवा है और हर किसी को इसे अपनाने की जरूरत है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY