अहमदाबाद, पांच अगस्त गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बुधवार को कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होने के साथ ही कई वर्षों का संघर्ष पूरा हो गया और इस दिन को इतिहास की किताबों में स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि बुधवार को भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण की शुरुआत से साबित होता है कि भाजपा हमेशा अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।
रूपाणी ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘ जय श्री राम! पांच अगस्त 21वीं सदी में इतिहास की किताबों में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। पांच दशक, 500 साल की तपस्या और संघर्ष आज राम लला के मंदिर के भूमि पूजन के साथ पूरा हुआ।’’
यह भी पढ़े | कोरोना की चपेट में भारत: जानें अगर COVID-19 का टेस्ट पॉजिटिव आ जाता है तो सबसे पहले क्या करें?.
उन्होंने कहा, ‘‘ यह नारा- ‘कसम राम की खाते हैं कि अयोध्या में मंदिर जरूर बनाएंगे’ - आज साकार हो गया है। पूरे देश में दीपावली जैसा उत्सव है। इस मंदिर के निर्माण के लिए कार सेवा में कई गुजरातियों ने योगदान दिया है। ’’
उन्होंने बुधवार को अयोध्या में सौहार्दपूर्ण माहौल में भूमि पूजन का श्रेय "गुजरात की धरती के दो पुत्रों’’- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिया।
रूपाणी ने कहा, ‘‘ हम जो वादा करते हैं, उसे हमेशा पूरा करते हैं। यह भाजपा की प्रतिबद्धता है। यदि कोरोना वायरस नहीं होता, तो आज का कार्यक्रम सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन होता। मुझे भरोसा है कि राम मंदिर के निर्माण से राष्ट्र-निर्माण होगा और भारत गर्व के साथ आगे बढ़ेगा।’’
उन्होंने गांधीनगर में अपने सरकारी निवास में बड़ी स्क्रीन पर भूमि पूजन का लाइव प्रसारण देखा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY