देश की खबरें | महिला की मौत, परिजनों का आरोप : पुलिस ने रोका उनका वाहन
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

अंबिकापुर, चार अगस्त छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक महिला के परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक चेकपोस्ट (नाका) पर कथित रूप से पुलिस ने उन्हें रोक दिया जिससे बीमार महिला की वाहन में ही मौत हो गई। इस संबंध में जांच के आदेश दिए गए हैं।

बलरामपुर जिले के निवासी रामधार पैंकरा ने आरोप लगाया है कि उनकी बीमार पत्नी बिहानी देवी :60 वर्ष: को अंबिकापुर के अस्पताल ले जाते समय सूरजपुर पुलिस ने उनके वाहन को रोक लिया जिससे उनकी पत्नी की मौत हो गई।

यह भी पढ़े | कोरोना के जम्मू और कश्मीर में 390 नए मरीज पाए गए, 10 की मौत: 4 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पैंकरा ने बताया कि सूरजपुर जिले के चंदौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इस दौरान पुलिस को अस्पताल की पर्ची दिखाई तब भी उन्हें आगे नहीं जाने दिया गया। इसके बाद जब वह वापस लौट रहे थे, तब उनकी पत्नी की मौत हो गई।

यह भी पढ़े | Ram Mandir Bhumi Pujan: आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर बोले उन्हें भूमि पूजन के लिए नहीं मिला न्योता, मीडिया के हवाले से मिली है आमंत्रण की जानकरी.

पैंकरा ने बताया कि पत्नी की मौत के बाद वाहन चालक ने शव को सड़क के किनारे उतार दिया और वहां से वाहन लेकर चला गया। बाद में एक ट्रैक्टर से शव को गांव पहुंचाया गया।

बलरामपुर जिले के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले की गैना गांव निवासी बिहानी देवी कुछ समय से दिल की बीमारी से ग्रस्त थी। उन्हें जिले के वाइड्रफनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें पड़ोसी जिले सरगुजा के अस्पताल में भेजा गया था।

सूरजपुर जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा ने बताया कि महिला के परिजन चेक पोस्ट से किसी भी अधिकारी को बगैर सूचना दिए वापस लौट गए थे। परिजनों ने अधिकारियों को महिला की बीमारी के संबंध में भी जानकारी नहीं दी थी।

कुकरेजा ने बताया कि उस रास्ते से उत्तर प्रदेश और झारखंड के वाहन छत्तीसगढ़ में प्रवेश करते हैं। पड़ोसी राज्यों से आने वाले वाहनों में कोरोना वायरस संक्रमित लोगों की जांच के लिए प्रत्येक वाहनों की जांच की जाती है।

यहां पुलिस अधिकारियों के अलावा स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी तैनात किया गया है।

कुकरेजा ने बताया कि अभी तक जानकारी मिली है कि रविवार को यहां वाहनों की तलाशी के दौरान एक वाहन में महिला, उनके पति और उनके दो पुत्र सवार थे। वहां वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। वाहन से उतरने के बाद महिला के एक पुत्र ने वहां देखा कि वहां मौजूद अधिकारी पास मांग रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ऐसा लगता है कि महिला के परिजनों ने महसूस किया कि उनसे भी पास मांगा जाएगा और वे वहां से लौट गए।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जानकारी मिली है कि लगभग 10 किलोमीटर दूर महिला की वाहन में ही मौत हो गई।

कुकरेजा ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अनुविभागीय अधिकारी :पुलिस: इस मामले की जांच करेंगे। यदि कोई दोषी होगा तब उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इधर सूरजपुर के जिलाधिकारी रणबीर शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन ने भी मामले में जांच के आदेश दिए हैं। संयुक्त जिलाधिकारी के नेतृत्व में मामले की जांच की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)