मथुरा (उप्र), एक मार्च उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृन्दावन में सैकड़ों विधवा और बेसहारा माताएं सोमवार छह मार्च को रंगों का त्योहार मनाएंगी।
होली का यह आयोजन नगर के सप्त देवालयों में से एक राधा गोपीनाथ मंदिर के प्रांगण में किया जाएगा। होली का त्योहार मनाने के लिए गुलाल और बड़े पैमाने पर फूलों का इंतजाम किया गया है।
सामाजिक संस्था सुलभ इंटरनेशनल की उपाध्यक्ष विनीता वर्मा ने बताया कि रंगों के इस अनूठे पर्व को मनाने के लिए वृन्दावन के आश्रय सदनों में रहने वाली सैकड़ों निराश्रित और विधवा माताएं शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि होली का पर्व मनाए जाने के लिए टेसू के फूलों के साथ-साथ गुलाब, गेंदा आदि कई प्रकार के फूल भी मंगाए जा रहे हैं।
राधा गोपीनाथ मंदिर के सेवायत गोपीनाथलाल देव गोस्वामी ने बताया कि मंदिर में होली की तैयारियां शुरू हो गई हैं और दिल्ली से विभिन्न प्रकार के एक टन फूलों के साथ गुलाल और रंग मंगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि विधवा महिलाएं इन्हीं फूलों व रंग-गुलाल से होली खेलेंगी।
निराश्रित माता सरोजा देवी ने बताया कि होली को लेकर खासा उत्साह है, हमारे लिए तो कन्हैया ही सब कुछ है, और उसी की कृपा से बस हो रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY