एजेंसी न्यूज

Bharat Jodo Yatra News: केवल भारत जोड़ो यात्रा ही क्यों? राहुल गांधी को मांडविया के पत्र लिखने पर कांग्रेस का सवाल

केंद्र सरकार पर चुनिंदा ढंग से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी तो कर्नाटक और राजस्थान में यात्रा निकाल रही है. उसने सवाल पूछा कि क्या केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने उनके आयोजकों को भी पत्र लिखा है?

Bharat Jodo Yatra News: केवल भारत जोड़ो यात्रा ही क्यों? राहुल गांधी को मांडविया के पत्र लिखने पर कांग्रेस का सवाल
पवन खेड़ा (Photo: Twitter)

Pawan Khera: केंद्र सरकार पर चुनिंदा ढंग से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी तो कर्नाटक और राजस्थान में यात्रा निकाल रही है. उसने सवाल पूछा कि क्या केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने उनके आयोजकों को भी पत्र लिखा है? कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने यह सवाल तब किया है जब मंत्री ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर उनसे अनुरोध किया कि यदि कोविड नियमों का पालन नहीं किया जा सकता, तो वे भारत ड़ो यात्रा को निलंबित करने पर विचार करें. अपने पार्टी सहयोगी की राय से हामी भरते हुए कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने भाजपा से इस मामले पर राजनीति नहीं करने को कहा. रमेश ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मैं समझ सकता हूं कि भाजपा भारत जोड़ो यात्रा की सफलता देख डर गयी है और वह मुश्किल में है.’’ सार्वजनिक परिवहन में पाबंदियां नहीं होने का जिक्र करते हुए खेड़ा ने सरकार से कोविड नियमों की घोषणा करने को भी कहा. उन्होंने कहा कि पार्टी उन नियमों का पालन करेगी.

खेड़ा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हमें आश्चर्य हो रहा है कि ऐसा ही पत्र राजस्थान में भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया को क्यों नहीं भेजा गया जो वहां जनाक्रोश यात्रा पर निकले हैं. हम समझते हैं कि उस जनाक्रोश यात्रा के प्रति बहुत उत्साह नहीं है, उसमें लोग नहीं आ रहे हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हम यह भी समझते हैं कि भारत जोड़ो यात्रा के प्रति देशभर में काफी उत्साह है और यहां यात्रा में काफी भीड़ है.’’ वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा कर्नाटक में भी एक अन्य यात्रा निकाल रही है. खेड़ा ने कहा, ‘‘ क्या स्वास्थ्य मंत्री ने कर्नाटक भाजपा को भी यह पत्र लिखा है? हम जानना चाहते हैं. आज यदि आपको विमान से यात्रा करनी होती है तो कोई आपसे मास्क लगाने या सेनेटाइजर का उपयोग करने को नहीं कहेगा.’’

उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने सार्वजनिक परिवहन में कड़े कदम नहीं क्यों नहीं उठाये.

उन्होंने प्रश्न किया, ‘‘ केवल राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और भारत जोड़ो यात्रा ही क्यों? क्या उसने (सरकार ने) संसद सत्र स्थगित कर दिया ? ....यदि प्रत्यक्ष संसद सत्र चल सकता है, यदि जनाक्रोश यात्रा हो सकती है, यदि कर्नाटक में भाजपा की यात्रा निकल सकती है, यदि विमान यात्रा में मास्क लगाना अनिवार्य नहीं है तो आपकी नजर राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्रा पर ही क्यों है?’’

खेड़ा ने कहा, ‘‘ कृपया, कोविड नियमों की घोषणा कीजिए। हम सभी कोविड नियमों का पालन करेंगे.’’ रमेश ने कहा कि स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण द्वारा राज्यों को सभी कोविड-19 मामलों की जिनोम सिक्वेंसिंग सुनिश्चित करने के लिए लिखा गया पत्र ‘‘न कोई परामर्श है और न ही चेतावनी.’’ उन्होंने कहा कि लेकिन मंत्री ने गांधी को पत्र लिख दिया.

रमेश ने सवालिये लहजे में कहा, ‘‘ यदि यह गंभीर मुद्दा है तो संसद स्थगित कर दीजिए, उड़ानों में मास्क लगाना अनिवार्य कर दीजिए, सभी प्रकार के सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दीजिए.’’

भारत जोड़ो यात्रा को विशाल जनसमर्थन मिलने का दावा करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि कोई दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि मार्च, 2020 में कांग्रेस ने मांग की थी कि लॉकडाउन लगाया जाए लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया था क्योंकि मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार को गिराने पर ध्यान केंद्रित था. उन्होंने कहा कि जब सरकार गिर गयी, तब लॉकडाउन लगाया गया. उन्होंने भाजपा से इस विषय पर विपक्ष के साथ चर्चा एवं बातचीत करने को कहा. गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर मांडविया ने कहा था कि राजस्थान के तीन भाजपा सांसदों-- पी पी चौधरी, निहाल चंद और देवजी पटेल ने चिंता व्यक्त की है.

इस पत्र में मांडविया ने लिखा था कि इन तीनों सांसदों ने उनसे अनुरोध किया है कि मार्च के दौरान मास्क लगाने और सेनेटाइजर का उपयोग करने समेत कोविड नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा जिन लोगों का टीकाकरण हो चुका है, केवल उन्हें ही इसमें भाग लेने दिया जाए. राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह राजस्थान से हरियाणा में दाखिल हुई. कांग्रेस की विशाल जनसंपर्क पहल यह यात्रा सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और अब तक तमिलनाडु, केरल, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान से गुजर चुकी है. यह यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी. आठ दिनों के अवकाश के बाद यह यात्रा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब होते हुए आखिरी में जम्मू कश्मीर पहुंचेगी.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 21, 2022 03:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).