नयी दिल्ली, सात सितंबर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले लगभग चार वर्षों में आर्थिक अपराधियों और भगोड़ों से 1.8 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की संपत्ति बरामद की गई है।
यहां केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) मुख्यालय में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में अपराधियों और भगोड़ों के प्रत्यर्पण में खासी वृद्धि हुई है, खासकर अक्टूबर 2022 में भारत की मेजबानी में हुई 90वीं इंटरपोल महासभा के बाद से इसमें इजाफा हुआ है।
कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि इस साल अब तक 19 अपराधियों/भगोड़ों को भारत वापस लाया गया है, जबकि पहले हर साल औसतन लगभग 10 अपराधी/भगोड़े भारत लौटते थे।
मंत्री ने कहा कि 2022 में यह आंकड़ा 27 और 2021 में 18 रहा।
कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में सिंह के हवाले से कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आर्थिक अपराध अधिनियम लाए जाने के बाद, पिछले लगभग चार वर्षों में आर्थिक अपराधियों और भगोड़ों से 1.8 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की संपत्ति बरामद की गई है, जबकि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के जरिये 2014 के बाद से अपराधियों की 12 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की सपंत्ति कुर्क करने में मदद मिली है।’’
सिंह ने एजेंसी मुख्यालय में एक अलंकरण समारोह के दौरान सीबीआई अधिकारियों को भारतीय पुलिस पदक से सम्मानित किया। उन्होंने पहले ‘अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग दिवस’ पर अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार आर्थिक अपराधियों पर आक्रामक तरीके से कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि 2023 सीबीआई का हीरक जयंती वर्ष है और अपने 60 वर्षों के कार्यकाल में यह भारत की प्रमुख जांच और भ्रष्टाचार-रोधी एजेंसी के रूप में उभरी है।
सिंह ने सीबीआई अधिकारियों को पुलिस पदक प्रदान किए और पुरस्कार विजेताओं और उनके परिवार के सदस्यों को बधाई दी।
इससे पहले, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद ने कहा कि इंटरपोल के लिए राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में एजेंसी ने जटिल मामलों के समाधान, विदेशों से सबूत एकत्र करने, अपराधियों/भगोड़ों का प्रत्यर्पण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग के परिणामस्वरूप, विदेशों से अपराधियों और भगोड़ों को वापस लाने में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY