भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.होर्मुज की नाकाबंदी में शामिल होने से ब्रिटेन का इनकार
यूपी के नोएडा में श्रमिकों का उग्र प्रदर्शन, वेतन वृद्धि को लेकर बवाल
जर्मनी में लुफ्थांसा के पायलटों की दो दिन की हड़ताल से सैकड़ों उड़ानें रद्द
हंगरी में विक्टर ओरबान की हार पर यूरोपीय नेताओं की प्रतिक्रियाट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी का आदेश दिया
फिलीपींस ने चीनी मछली पकड़ने वाली नौकाओं पर सायनाइड इस्तेमाल का आरोप लगाया
फिलीपींस ने सोमवार को आरोप लगाया कि चीनी मछुआरे विवादित स्प्रैटली द्वीपसमूह में स्थित सेकंड थॉमस शोल के आसपास समुद्री पानी में सायनाइड जहर डाल रहे हैं. फिलीपींस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) का कहना है कि यह गतिविधि पिछले साल से जारी है और इसका उद्देश्य मछलियों को मारना तथा इलाके में तैनात फिलीपीन नौसैनिकों की आपूर्ति और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना है.
चीन के खिलाफ फिलीपींस की मदद करेंगे ऑस्ट्रेलिया और जापान
एनएससी के सहायक महानिदेशक कोर्नेलियो वेलेंसिया ने कहा कि सायनाइड के इस्तेमाल से न केवल मछली आबादी नष्ट हो रही है, बल्कि दूषित पानी और जहरीली मछलियों के कारण सैनिकों की सेहत भी खतरे में पड़ सकती है.
फिलीपींस की नौसेना के प्रवक्ता रियर एडमिरल रॉय विंसेंट त्रिनिदाद ने कहा कि सैनिकों ने 2025 में अलग-अलग मौकों पर चीनी मछली पकड़ने वाली नौकाओं से साइनाइड की 10 बोतलें जब्त कीं और हालिया जांच में पानी में जहर की पुष्टि हुई है. फिलीपींस ने इस मुद्दे को चीन के सामने उठाया है, लेकिन बीजिंग की ओर से अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. मनीला ने इलाके में पर्यावरणीय नुकसान रोकने के लिए नौसेना और कोस्टगार्ड की गश्त बढ़ाने का आदेश दिया है.
हमारे देश की संसद एक नया इतिहास रचने के करीब: प्रधानमंत्री मोदी
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित "नारी शक्ति वंदन सम्मेलन" को संबोधित करते हुए महिलाओं के सशक्तीकरण को 21वीं सदी के सबसे महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक बताया. उन्होंने कहा कि देश एक ऐसे ऐतिहासिक मोड़ पर खड़ा है, जहां महिला शक्ति को समर्पित बड़ा फैसला लिया जाने वाला है.
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय देश में बैसाखी का उत्साह है और कल देश के अलग-अलग हिस्सों में नववर्ष भी मनाया जाएगा. उन्होंने इस अवसर पर जलियांवाला बाग नरसंहार के वीर बलिदानियों को भी श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "देश की विकास यात्रा के इन अहम पड़ावों के बीच भारत 21वीं सदी के सबसे बड़े निर्णयों में से एक लेने जा रहा है. मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि यह निर्णय नारी शक्ति को समर्पित है, नारी शक्ति वंदन को समर्पित है."
उन्होंने कहा कि भारत की संसद एक नया इतिहास रचने के करीब है. एक ऐसा इतिहास जो अतीत के संकल्पों को साकार करेगा और भविष्य के लक्ष्यों को पूरा करेगा. एक ऐसे भारत की कल्पना, जहां सामाजिक न्याय सिर्फ नारा ना होकर कार्यसंस्कृति और निर्णय प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा बने.
मोदी ने बताया कि 16, 17 और 18 अप्रैल के दिन दशकों से चली आ रही महिला आरक्षण की प्रतीक्षा के अंत के रूप में देखे जा रहे हैं. उन्होंने याद दिलाया कि 2023 में नई संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 के रूप में पहला कदम उठाया गया था.
उन्होंने कहा कि इस कानून को समय पर लागू करने और लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत बनाने के लिए 16 अप्रैल से संसद के बजट सत्र की विशेष बैठक आयोजित की जा रही है.
जर्मनी में पेट्रोल और डीजल की कीमत घटाने के लिए टैक्स में छूट
जर्मनी में पेट्रोल और डीजल पर दो महीने के लिए टैक्स में छूट देने की घोषणा की गई है. बढ़ती कीमत से परेशान आम लोगों और कारोबार को राहत देने के लिए यह कदम उठाया गया है. मध्यपूर्व में संघर्ष छिड़ने के बाद से जर्मनी में पेट्रोल और डीजल की कीमतें काफी ज्यादा बढ़ गई हैं. सीडीयू और सत्ताधारी गठबंधन में शामिल पार्टियों से चर्चा करने के बाद सोमवार को चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, "हम दो महीने के लिए डीजल और गैसोलीन पर लगभग 17 सेंट प्रति लीटर टैक्स घटाएंगे." इस छूट की वजह से देश पर करीब 1.6 अरब यूरो का बोझ आएगा.
आम लोगों को महंगाई से राहत देने के लिए कर्मचारियों को 1,000 यूरो का राहत बोनस देने के लिए भी कंपनियों को मंजूरी देने पर भी गठबंधन में सहमति बनी है. इस पैसे पर पेरोल टैक्स और सोशल सिक्योरिटी चार्जेज भी नहीं लगेंगे.
कई यूरोपीय देश पहले ही ईंधन के खर्च में राहत देने के लिए टैक्स में कटौती की घोषणा कर चुके हैं. जर्मनी में भी इसके लिए बीते हफ्तों में मांग तेज हुई है. विपक्षी धुर दक्षिणपंथी एएफडी ने इस तरह के कदम नहीं उठाने के लिए सरकार की आलोचना की थी. पार्टी के संसदीय दल की नेता एलीस वाइडेल ने कॉटबुस में कहा, "सरकार क्या कर रही है? खड़ी हो कर देख रही है." वाइडेल ने मांग की थी कि ईंधन पर ऊर्जा टैक्स और सीओटू टैक्स में कटौती की जाए.
होर्मुज की नाकाबंदी में शामिल होने से ब्रिटेन का इनकार
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के होर्मुज की नाकाबंदी करने की कोशिशों में शामिल होने से इनकार कर दिया है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने टैंकरों की होर्मुज की तेल और गैस शिपिंग लेन से आवाजाही बंद करने की धमकी दी है. इस रास्ते पर ईरान की नाकाबंदी की वजह से पहले ही दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई पर भारी असर पड़ा है और इनकी कीमतें बढ़ गई हैं.
बीबीसी रेडियो 5 लाइव से बातचीत में प्रधानमंत्री स्टार्मर ने कहा, "हम नाकाबंदी का समर्थन नहीं करते." स्टार्मर ने यह भी कहा, "मेरी राय में यह जरूरी है कि जलडमरुमध्य पूरी तरह से खुली रहे और हम अपनी सारी कोशिशें इसी काम में लगा रहे हैं और हम ऐसा करना जारी रखेंगे."
पाकिस्तान की मध्यस्थता में ईरान के साथ शांति वार्ता विफल होने के बाद ट्रंप ने इस नाकाबंदी की घोषणा की थी. इसके साथ ही ट्रंप ने उम्मीद जताई थी, "दूसरे देश भी इस नाकाबंदी में शामिल होंगे." ब्रिटेन की सरकार के प्रवक्ता का कहा है कि ब्रिटेन, "फ्रांस और दूसरे सहयोगियों के साथ आवाजाही की आजादी की रक्षा के लिए काम कर रहा है." ब्रिटेन और फ्रांस समेत कई देश होर्मुज के रास्ते को खुलवाने के लिए बातचीत कर रहे हैं. रविवार को स्टार्मर ने फ्रेंच राष्ट्रपति इमानुएल माक्रों को टेलिफोन कर इस मुद्दे पर बातचीत भी की है. इसकी जानकारी ब्रिटिश प्रधानमंत्री के कार्यालय ने दी है.
इसी हफ्ते ब्रिटेन में सहयोगी देशों की एक बैठक भी होने जा रही है. ब्रिटेन में इस मुद्दे पर हो रही तीसरी बैठक में संघर्ष को खत्म करने के टिकाऊ तरीकों पर चर्चा होगी. इनमें ईरान पर होर्मुज को खोलने के लिए अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक दबाव बढ़ाने के साथ ही प्रतिबंध लगाने पर भी विचार किया जाएगा.
यूपी के नोएडा में श्रमिकों का उग्र प्रदर्शन, वेतन वृद्धि को लेकर बवाल
उत्तर प्रदेश के नोएडा के फेस-2 औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों का प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है. सोमवार को यह आंदोलन अचानक हिंसक हो गया, जब अलग-अलग कंपनियों के बाहर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने हंगामा शुरू कर दिया. विशेष रूप से मदरसन कंपनी के बाहर स्थिति बेकाबू हो गई, जहां प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी की, कई वाहनों में आग लगा दी और पूरे इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया.
मौके से सामने आए तस्वीरों में एक पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त हालत में देखा जा सकता है, इलाके में आग की लपटें भी नजर आईं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर कमिश्नरेट के तहत आने वाले सभी औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है. वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील की है और कहा है कि हालात धीरे-धीरे सामान्य किए जा रहे हैं.
अमेरिका-ईरान वार्ता विफल होने से भारतीय शेयर बाजार में गिरावट
अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में कोई ठोस प्रगति न होने के बाद वैश्विक बाजारों में घबराहट है, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ देखने को मिला. सोमवार को घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक करीब 2 प्रतिशत तक गिर गए.
सेंसेक्स में तेज गिरावट दर्ज की गई और यह 2.16 प्रतिशत यानी 1,675 अंक टूटकर 75,874.85 के इंट्राडे लो तक पहुंच गया. वहीं, निफ्टी भी लगभग 500 अंकों यानी 2.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,555 पर कारोबार करता नजर आया. बाजार में बैंकिंग, फाइनेंशियल, रियल्टी, ऑटो और एनर्जी सेक्टर के शेयरों में भारी बिकवाली देखी गई, जिससे सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में रहे.
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस हफ्ते बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. इसके पीछे भू-राजनीतिक घटनाक्रम, महंगाई के आंकड़े और कंपनियों के तिमाही नतीजे बड़े कारण होंगे.
जर्मनी में लुफ्थांसा के पायलटों की दो दिन की हड़ताल से सैकड़ों उड़ानें रद्द
जर्मनी के लुफ्थांसा एयरलाइंस के पायलटों की दो दिन की हड़ताल सोमवार से शुरू हो गई है. इसकी वजह से लुफ्थांसा और दूसरी सहायक एयरलाइनों की सैकड़ों उड़ानों पर असर पड़ा है. लुफ्थांसा के कोर ब्रांड के अलावा लुफ्थांसा कार्गो और लुफ्थांसा सिटी लाइन के पायलट भी हड़ताल पर हैं. इसके अलावा सहायक एयरलाइन यूरोविंग्स के पायलटों की हड़ताल केवल सोमवार को रहेगी.
लुफ्थांसा के हब फ्रैंकफर्ट और म्यूनिख पर इस हड़ताल का सबसे ज्यादा असर है. इन दोनों जगहों से सैकड़ों उड़ानें रद्द हो गई हैं.
6 जनवरी को 100 साल की हुई जर्मन कंपनी लुफ्थांसा
लुफ्थांसा समूह इस साल चौथी बार इस तरह की कार्रवाई का सामना कर रहा है. पिछले हफ्ते एक दिन के लिए केबिन क्रू ने अपना काम बंद कर दिया था. इसकी वजह से भी जर्मनी की सबसे बड़ी एयरलाइन को सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं.
पायलटों की हड़ताल वेतन से जुड़े विवादों के साथ ही कंपनी की पेंशन स्कीम और क्षेत्रीय सहायक कंपनी सिटी लाइन में वेतन को लेकर है. लुफ्थांसा ने इस हड़ताल की आलोचना की है. मध्य पूर्व के देशों को जाने वाली चुनिंदा उड़ानों को इस हड़ताल से बाहर रखा गया है.
हंगरी में विक्टर ओरबान की हार पर यूरोपीय नेताओं की प्रतिक्रिया
16 साल तक हंगरी की सत्ता पर काबिज रहे विक्टर ओरबान का दुनिया पर इतना असर रहा है किचुनावी हार के बाद दुनिया भर से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. यूरोपीय संघ में ओरबान रूस के बड़े समर्थक रहे हैं. उनकी हार के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है, "जब सकारात्मक रुख प्रबल हो तो यह जरूरी हो जाता है. यूक्रेन ने हमेशा यूरोप में हर किसी के साथ अच्छे पडोसी वाले रिश्ते रखना चाहा है और हम हंगरी के साथ अपना सहयोग बढ़ाने के लिए तैयार हैं."
ओरबान खासतौर से यूरोपीय संघ के बड़े आलोचक रहे हैं. हालांकि हंगरी को करोड़ों यूरो की फंडिग संघ से मिलती रही है. ओरबान के हार स्वीकार करने के तुरंत बाद यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेयर लायन ने एक्स पर लिखा, "आज की रात यूरोप का दिल हंगरी में तेजी से धड़क रहा है."
जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स ने हंगरी में विजयी उम्मीदवार पीटर माग्यार को बधाई संदेश में कहा है, "आइए मिल कर एक मजबूत, सुरक्षित और सबसे ऊपर संयुक्त यूरोप के लिए अपनी ताकत लगाते हैं."
उधर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कियर स्टार्मर ने कहा है, "एक ऐतिहासिक पल है , ना सिर्फ हंगरी के लिए बल्कि यूरोपीय लोकतंत्र के लिए. मैं दोनों देशों की सुरक्षा और समृद्धि के लिए आपके साथ काम करने के इंतजार में हूं."
16 साल तक कैसे कैसे प्रधानमंत्री बने रहे विक्टर ओरबान
फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल माक्रों ने भी माग्यार की जीत पर खुशी जताते हुए कहा है, "फ्रांस लोकतांत्रिक भागीदारी की जीत का स्वागत करता है, साथ ही हंगरी के लोगों की यूरोपीय संघ के मूल्यों के लिए प्रतिबद्धता और यूरोप के प्रति हंगरी की प्रतिबद्धता का भी."
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टुस्क दक्षिण कोरिया की यात्रा पर हैं. उन्होंने सियोल से एक्स पर पोस्ट डाला है, उसमें हंगरी, उनके देश और यूरोपीय संघ का झंडा दिख रहा है, साथ ही लिखा है, "साथ में वापसी! शानदार जीत, प्रिय दोस्तों!" बाद में टुस्क ने एक छोटा सा वीडियो क्लिप भी डाला जिसमें उन्हें माग्यार से फोन पर बात करते देखा जा सकता है. इस वीडियो में टुस्क अंग्रेजी में यह कहते सुनाई दे रहे हैं, "मैं बहुत खुश हूं, मुझे लगता है कि मैं आपसे ज्यादा खुश हूं."
ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी का आदेश दिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका की नौसेना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़े ईरानी बंदरगाहों में आने‑जाने वाले जहाजों के खिलाफ नाकेबंदी शुरू करेगी. यह घोषणा अमेरिका‑ईरान के बीच पाकिस्तान में हुई शांति वार्ता के बिना किसी समझौते के खत्म होने के बाद की गई, ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि बातचीत में कई मुद्दों पर सहमति बनी, लेकिन ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अड़चन बनी रही.
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसेना को उन सभी जहाजों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं जिन्होंने सुरक्षित मार्ग के लिए ईरानको कोई शुल्क दिया है. उन्होंने चेतावनी दी कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में ऐसे किसी भी जहाज को सुरक्षित रास्ता नहीं मिलेगा. ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर किसी ईरानी बल ने अमेरिकी या शांतिपूर्ण जहाजों पर हमला किया तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक यह नाकेबंदी सोमवार, 13 अप्रैल को भारतीय समय 7.30 बजे शाम से लागू होगी और इसका दायरा ईरान से जुड़े समुद्री यातायात तक सीमित रहेगा. अमेरिका का कहना है कि गैर‑ईरानी बंदरगाहों के बीच आने‑जाने वाले जहाजों की आवाजाही पर रोक नहीं लगाई जाएगी. उधर ईरान ने दबाव में झुकने से इनकार करते हुए इस कदम को उकसावे वाली कार्रवाई बताया है.
इस घटनाक्रम का असर वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर तुरंत दिखा. सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चली गईं. ब्रेंट क्रूड में करीब 8 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होकर दुनिया के लगभग पांचवां हिस्सा तेल आपूर्ति होती है, ऐसे में तनाव बढ़ने से आपूर्ति बाधित होने की आशंका ने कीमतों को ऊपर पहुंचा दिया.













QuickLY