देश की खबरें | मरवाही सीट के लिए मतदान प्रारंभ, आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रायपुर, तीन नवंबर छत्तीसगढ़ की मरवाही विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह मतदान प्रारंभ हो गया। आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित इस सीट पर सत्ताधारी दल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी समेत आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की मृत्यु के बाद से यह सीट रिक्त है।

यह भी पढ़े | हरियाणा उपचुनाव 2020: बरोदा विधानसभा सीट मतदान जारी, 1.81 लाख मतदाता सात निर्दलीय सहित 14 उम्मीदवारों के भाग्य का करेंगे फैसला.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि गौरेला—पेंड्रा—मरवाही जिले में स्थित मरवाही विधानसभा सीट के लिए आज सुबह आठ बजे मतदान प्रारंभ हो गया। मतदान शाम छह बजे तक होगा।

अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 1,91,004 मतदाता हैं जिनमें 93,735 पुरूष और 97,265 महिला मतदाता हैं। वहीं चार तृतीय लिंग मतदाता हैं। विधानसभा क्षेत्र में 286 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 126 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: बिहार में दुसरे चरण का मतदान जारी, पीएम मोदी-तेजस्वी यादव और चिराग पासवान सहित इन नेताओं ने ट्वीट कर की वोट करने की अपील.

अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए इससे बचाव के लिए चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है। कोरोना वायरस संक्रमित मतदाता अंतिम एक घंटे में मतदान कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा बलों के 1,400 जवानों को तैनात किया गया है। मतों की गिनती 10 नवंबर को होगी।

मरवाही विधानसभा सीट के लिए आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस के केके ध्रुव और भाजपा के डॉक्टर गंभीर सिंह के मध्य होने की संभावना है।

गौरेला—पेंड्रा—मरवाही जिले के अंतर्गत आने वाला मरवाही विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। वर्ष 2000 में नए राज्य के गठन के बाद से यह सीट जोगी परिवार के पास ही थी। बीते 29 मई को अजीत जोगी की मृत्यु के बाद से यह सीट रिक्त है।

वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में इस सीट पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मुखिया अजीत जोगी ने भाजपा प्रत्याशी अर्चना पोर्ते को 46 हजार से अधिक मतों से पराजित किया था।

इस उपचुनाव के लिए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी और उनकी पत्नी ऋचा जोगी का नामांकन जाति प्रमाण पत्र मामले के कारण रद्द हो चुका है। राज्य बनने के बाद यह पहली बार है कि इस सीट से जोगी परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव नहीं लड़ रहा है। जोगी ने इस चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी का समर्थन करने का फैसला किया है।

राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 69 सीट, भारतीय जनता पार्टी के पास 14 सीट, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के पास चार सीट तथा बहुजन समाज पार्टी के पास दो सीटें हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)