देश की खबरें | पंजाब नगर निकाय चुनाव के लिए मतगणना जारी

चंडीगढ़, 21 दिसंबर पंजाब में पांच नगर निगमों और 44 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनावों के लिए मतों की गिनती जारी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शनिवार सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक जारी रहा। दोपहर तीन बजे तक औसत मतदान 55 प्रतिशत रहा।

जिन पांच नगर निगमों के लिए चुनाव हुए उनमें अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और फगवाड़ा शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के लिए 3,300 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं। इन चुनावों के लिए कुल 3,809 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

नगर निकाय चुनावों में 17.75 लाख महिलाओं सहित कुल 37.32 लाख मतदाता मतदान के पात्र थे। मतदान के लिए ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) का इस्तेमाल हुआ।

विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने पटियाला में कई स्थानों पर आम आदमी पार्टी (आप) के इशारे पर फर्जी वोट डाले जाने का आरोप लगाया, हालांकि सत्तारूढ़ पार्टी ने इस आरोप से इनकार किया है।

पटियाला में ‘आप’ और भाजपा समर्थकों के बीच हाथापाई और तू-तू मैं-मैं की भी खबरें हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तरुण चुघ, कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला, लुधियाना के विधायक अशोक पराशर और जालंधर छावनी के विधायक परगट सिंह समेत कई नेताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

भाजपा नेता जय इंदर कौर ने आरोप लगाया कि पटियाला में कुछ बाहरी लोग घूम रहे हैं और उन्होंने पुलिस से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पटियाला में वार्ड संख्या 34 से भाजपा उम्मीदवार सुशील नय्यर ने एक मतदान केंद्र पर फर्जी वोट डाले जाने का आरोप लगाते हुए आत्मदाह की धमकी दी।

पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नानक सिंह के मौके पर पहुंचने के बाद भाजपा नेता जय इंदर कौर और पार्टी समर्थकों को पुलिस अधिकारी के साथ बहस करते हुए देखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को बिना उचित सत्यापन के वोट डालने की अनुमति दी जा रही है और वे फर्जी मतदान कर रहे हैं।

भाजपा के एक समर्थक ने कहा, ‘‘कोई भी उन्हें रोक नहीं रहा। इसके लिए कौन जिम्मेदार है?’’

एसएसपी ने इसके जवाब में कहा, ‘‘मतदान की वीडियोग्राफी हो रही है।’’

इससे पहले, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की बेटी कौर ने आरोप लगाया था कि ‘आप’ विधायक चेतन सिंह जौरामाजरा और गुरलाल घनौर वार्ड संख्या 40 के लिए बाहरी लोग हैं, लेकिन वे इलाके में मौजूद हैं।

पार्टी ने जौरामाजरा और गुरलाल के खिलाफ राज्य चुनाव आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई है और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

पटियाला में शिरोमणि अकाली दल ने दावा किया कि वार्ड नंबर 15 में बूथ पर तोड़फोड़ की गई।

भाजपा ने फतेहगढ़ साहिब के अमलोह में वार्ड नंबर नौ में कथित फर्जी मतदान को लेकर ‘आप’ विधायक गैरी वडिंग के भाई मणि वडिंग और ‘आप’ समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग की।

नगर निकाय चुनाव को सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के लिए अग्निपरीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी नवंबर में विधानसभा की चार सीट पर हुए उपचुनावों में से तीन में जीत हासिल करने के बाद नगर निगम चुनावों में भी अपनी जीत का क्रम जारी रखना चाहेगी। इन चुनावों के जरिए शहरी मतदाताओं के बीच सत्तारूढ़ पार्टी की लोकप्रियता का पता चलेगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनावों से पहले ‘आप’ उम्मीदवारों के लिए रोड शो किए और प्रचार किया। ‘आप’ की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद अमन अरोड़ा की भी यह पहली परीक्षा होगी।

इन चुनावों में कांग्रेस का भी बहुत कुछ दांव पर लगा है। कांग्रेस को अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला नगर निगमों में बहुमत मिला था।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) भी नगर निगम चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)