जयपुर, 29 अगस्त राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को कहा कि ‘राजस्थान मिशन-2030’ के लिए एक करोड़ से अधिक लोगों के सुझाव लिए जाएंगे।
राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक मंगलवार को गहलोत की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास पर हुई जिसमें ‘राजस्थान मिशन-2030’ एवं राज्य में सुचारू विद्युत आपूर्ति को लेकर समीक्षा की गई।
एक आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार मुख्यमंत्री ने बैठक में मंत्रिपरिषद सदस्यों को अपने-अपने विभागों के 'विजन-2030 डॉक्यूमेंट' को सितम्बर, 2023 तक तैयार कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री अपने विभागों से सम्बन्धित भागीदारों व विशेषज्ञों से चर्चा कर 'विजन-2030 डॉक्यूमेंट' के लिए सुझाव लें।
गहलोत ने कहा कि ‘राजस्थान मिशन-2030’ के लिए एक करोड़ से अधिक लोगों के सुझाव लिए जाएंगे, जिससे बेहतरीन राजस्थान का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा।
मिशन को लेकर आयोजना विभाग द्वारा प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें बताया गया कि इस अभियान को समयबद्ध योजना बनाकर आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए ऊर्जा विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में नियमित विद्युत आपूर्ति के लिए राज्य सरकार संकल्पित है। बैठक में विभाग द्वारा बताया गया कि सितम्बर में अनुमानित मांग प्रतिदिन 3446 लाख यूनिट रहेगी। यह मांग अगस्त माह में बारिश कम होने के कारण बढ़ी है। हालांकि, विभाग द्वारा मांग के अनुरूप आपूर्ति की व्यवस्था कर ली गई है।
मुख्यमंत्री ने विभाग को विद्युत कमी की पूर्ति अन्य राज्यों के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत उत्पादन के लिए प्रतिदिन आवश्यक 24 रैक कोयले की आपूर्ति के लिए राज्य विद्युत उत्पादन निगम को कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY