देश की खबरें | योग दिवस पर जबलपुर में आयोजित होने वाले समारोह में मुख्य अतिथि होंगे उपराष्ट्रपति धनखड़

नयी दिल्ली, 19 जून उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित होने वाले एक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

उपराष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।

इसके मुताबिक, उपराष्ट्रपति इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे और बाद में कार्यक्रम स्थल पर सामूहिक योग प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। इस समारोह में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय आयुष और बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे।

इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2023 की थीम है ‘वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग’।

उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा 2014 में एक संकल्प के द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दिए हुए नौ साल हो गए हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2023 के वैश्विक उत्सव का नेतृत्व संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय, न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे, जबकि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2023 के राष्ट्रीय उत्सव का नेतृत्व भारत के उपराष्ट्रपति धनखड़ करेंगे।

धनखड़ 20 जून को जबलपुर पहुंचेंगे, जहां वे अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ नर्मदा पूजन करेंगे और ग्वारीघाट में नर्मदा आरती में शामिल होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)